नालासोपारा यौन शोषण मामले में मुख्य आरोपी आरिफ शेख पर चार केस दर्ज

डेटिंग ऐप के जरिए युवतियों को फंसाने का आरोप, अश्लील वीडियो विदेश भेजने की भी जांच

पालघर। नालासोपारा यौन शोषण मामले में मुख्य आरोपी आरिफ शेख (22) के खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें यौन उत्पीड़न से जुड़े तीन मामले और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का एक मामला शामिल है। पुलिस के अनुसार, आरोपी डेटिंग ऐप्स पर तस्वीरें अपलोड कर 17 से 22 वर्ष की युवतियों से संपर्क करता था। आरोप है कि वह विभिन्न वादे कर उन्हें अपने जाल में फंसाता और बाद में उनका यौन शोषण करता था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर पीड़ित युवतियों के अश्लील वीडियो बनाता था और उन्हें विदेश भेजता था। पुलिस इस पहलू की भी गहराई से जांच कर रही है। आरिफ शेख को 10 अक्टूबर से शनिवार तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस मामले में और कितनी युवतियां पीड़ित हुई हैं तथा क्या आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। अधिकारियों ने संभावित पीड़ितों से अपील की है कि वे बिना किसी दबाव या भय के आगे आएं और पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि शिकायत करने वाली पीड़िताओं की पहचान और गोपनीयता का ध्यान रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *