
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4,399 दिनों का ऐतिहासिक कार्यकाल पूरा करने पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र की ओर से उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है और उनके नेतृत्व में महाराष्ट्र को भी विकास की नई एवं क्रांतिकारी दिशा मिली है। नई दिल्ली स्थित महाराष्ट्र सदन में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के ये 4,399 दिन केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि भारत के सर्वांगीण विकास का एक स्वर्णिम अध्याय हैं। इस अवधि में करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का काम हुआ है तथा देशभर में सड़क, रेल, बंदरगाह, हवाई अड्डे, एक्सप्रेसवे और आधुनिक आधारभूत संरचनाओं का अभूतपूर्व जाल बिछाया गया है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपना स्थान मजबूत कर रहा है। रक्षा क्षेत्र में भी देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है। जो भारत कभी रक्षा सामग्री का आयात करता था, वह आज हजारों करोड़ रुपये की रक्षा सामग्री का निर्यात करने वाला देश बन गया है। यूपीआई और डिजिटल भुगतान प्रणाली के माध्यम से भारत ने विश्व के सामने डिजिटल क्रांति का एक नया मॉडल प्रस्तुत किया है।
महाराष्ट्र को मिला केंद्र का भरपूर सहयोग
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में महाराष्ट्र को केंद्र सरकार का अभूतपूर्व सहयोग मिला है। राज्य के कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं जैसे बंदरगाह, सिंचाई परियोजनाएं, मेट्रो नेटवर्क, रेलवे आधुनिकीकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग, तथा नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा जैसी परियोजनाओं को केंद्र से विशेष समर्थन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि 2015 के भीषण सूखे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र की जल समस्या को गंभीरता से लिया। ‘जलयुक्त शिवार’ जैसी योजनाओं को मजबूती दी गई और विदर्भ तथा मराठवाड़ा क्षेत्र की 100 लंबित सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने के लिए विशेष पहल की गई।
56 लाख किसानों के लिए 36 हजार करोड़ रुपये की कर्जमाफी
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने 56 लाख किसानों के लिए 36 हजार करोड़ रुपये की कर्जमाफी की घोषणा की है। इसमें पूर्व में ऋण लेने वाले और वर्तमान में बकाया किसानों को शामिल किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2020 में कर्जमाफी का लाभ लेने के बाद फिर से डिफॉल्टर बने लगभग 9 से 10 लाख किसानों के लिए कुछ सीमित शर्तें लागू होंगी। हालांकि, इन शर्तों से 99 प्रतिशत किसानों को कोई समस्या नहीं होगी। उन्होंने कहा कि दो लाख रुपये तक का कृषि ऋण पूरी तरह माफ किया जाएगा, चाहे वह किसी भी वर्ष में लिया गया हो। खाद और उर्वरकों की उपलब्धता पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण कुछ नियामक प्रतिबंध लागू किए गए हैं, लेकिन किसानों की जरूरतों के अनुसार पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हैं। कृत्रिम कमी पैदा न हो, इसके लिए कुछ नियम और शर्तें निर्धारित की गई हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से मिश्रित उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और किसानों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि हर किसान को उसकी आवश्यकता के अनुसार उर्वरक उपलब्ध हो सके। अंत में मुख्यमंत्री फडणवीस ने महाराष्ट्र की साढ़े बारह करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घ और सफल जीवन की कामना की।



