वसई में प्रतिबंधित प्लास्टिक पर VVMC की बड़ी कार्रवाई, करीब 3 टन माल जब्त
धूमल नगर की दो दुकानों पर छापा, कार्रवाई से नाराज व्यापारी ने दुकान जलाने की दी धमकी, पुलिस को दी गई सूचना

पालघर। वसई-विरार शहर महानगर पालिका (VVMC) ने प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल, भंडारण और बिक्री के खिलाफ शुक्रवार को वसई पूर्व के धूमल नगर इलाके में बड़ी कार्रवाई की। महानगरपालिका की टीम ने दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर करीब 3 टन प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की और संबंधित व्यापारियों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी., अतिरिक्त आयुक्त संजय हरवाड़े और उपायुक्त अर्चना दिवे के मार्गदर्शन में की गई। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, नोडल अधिकारी तथा वार्ड समिति क्रमांक-9 के अधिकारी अविनाश गुंजालकर के नेतृत्व में 17 सदस्यीय टीम ने अभियान चलाया। टीम में स्वास्थ्य निरीक्षक नितिन म्हात्रे, संदेश जाधव, यतिन डागे और आशीष पास्ते सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे। महानगर पालिका की टीम ने धूमल नगर स्थित अंबिका एंटरप्राइजेज और चामुंडा स्टेशनरी एंड पैकेजिंग का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, दोनों स्थानों पर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री मिली, जिसे जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब एक व्यापारी महानगरपालिका की कार्रवाई से नाराज होकर कथित तौर पर पेट्रोल से भरी बोतल ले आया। अधिकारियों के मुताबिक उसने दुकान में पेट्रोल डालते हुए कहा कि “बर्बाद होने से बेहतर है कि दुकान जला दी जाए।” मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे रोक लिया और पुलिस कार्रवाई की चेतावनी दी। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को भी दी गई। इसके बाद कुछ समय तक इलाके में तनाव का माहौल रहा, हालांकि महानगरपालिका की कार्रवाई जारी रखी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल, बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के खिलाफ जुर्माने के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महानगर पालिका ने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई दुकानदार धमकी, दबाव या अन्य तरीके से सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कराने की कार्रवाई की जा सकती है।
