वसई क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट का किया भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार
गोवा में भारत-पाकिस्तान एशिया कप फाइनल पर लगा रहे थे सट्टा, ₹9.86 लाख की संपत्ति जब्त

पालघर। मीरा-भायंदर, वसई-विरार (MBVV) पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-2, वसई ने ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के एक कथित रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं। कार्रवाई के दौरान करीब ₹9.86 लाख की संपत्ति जब्त की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ‘रेड्डी बुक’, ‘रेड्डी 66’ और ‘नितिन ऑनलाइन बुक’ जैसे ऑनलाइन पैनलों के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल और रम्मी समेत विभिन्न खेलों पर कथित रूप से सट्टेबाजी और ऑनलाइन गेमिंग का संचालन कर रहे थे। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य गोवा में सक्रिय हैं। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने गोवा के पेरनेम इलाके में कार्रवाई कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि ये आरोपी भारत-पाकिस्तान एशिया कप 2026 के फाइनल मैच पर सट्टा संचालित कर रहे थे। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। इस तरह मामले में अब तक कुल नौ लोगों की गिरफ्तारी हुई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 63 मोबाइल फोन, सात लैपटॉप, दो टैबलेट, एक राउटर, दो कैमरे, 70 सिम कार्ड, 58 एटीएम कार्ड तथा 89 पासबुक और चेकबुक जब्त की हैं। पुलिस अब जब्त मोबाइल और डिजिटल उपकरणों की जांच कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क से कितने लोग जुड़े थे, ऑनलाइन लेनदेन का कुल आंकड़ा कितना है और सट्टेबाजी की रकम किन बैंक खातों के जरिए भेजी जा रही थी। क्राइम ब्रांच इस रैकेट के अन्य सदस्यों और इससे जुड़े वित्तीय नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
