एनएसएस स्वयंसेवक मुर्शिद आलम को मिला ‘कर्मवीर’ सम्मान
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के समारोह में बांगरमऊ के छात्र ने बढ़ाया महाविद्यालय का मान

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में एनएसएस स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में बांगरमऊ क्षेत्र के छात्र मुर्शिद आलम को ‘कर्मवीर’ सम्मान से सम्मानित किया गया। मुर्शिद आलम ग्राम रसूलपुर रूरी स्थित श्री विशंभर दयाल त्रिपाठी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की एनएसएस इकाई ‘शक्ति’ के स्वयंसेवक हैं। उन्हें सामाजिक सेवा और जनजागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय सहभागिता के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने उन्हें सम्मानित किया। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कृष्णकांत दुबे ने मुर्शिद आलम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान अन्य विद्यार्थियों को भी समाजसेवा और जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी कुलदीप कुमार शुक्ला ने भी मुर्शिद आलम को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
