जीबीसी@5.0 से यूपी में ₹7.55 लाख करोड़ का निवेश उतरेगा धरातल पर, 7,000 परियोजनाएं तैयार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तैयारियों की समीक्षा की, सभी 75 जिलों में निवेश परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी GBC@5.0 की तैयारियों और प्रस्तावित निवेश परियोजनाओं की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की। जीबीसी@5.0 के माध्यम से प्रदेश के सभी 75 जिलों में करीब 7,000 परियोजनाओं के जरिए ₹7.55 लाख करोड़ से अधिक का निवेश धरातल पर उतारने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजनाओं से जुड़ी स्वीकृतियां, भूमि, आधारभूत सुविधाएं और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं, ताकि निवेश प्रस्तावों के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने जीबीसी@5.0 में शामिल परियोजनाओं की विभागवार निगरानी और निवेशकों के साथ नियमित संवाद पर भी जोर दिया। बैठक में बताया गया कि ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के पहले से चौथे संस्करण तक 16 हजार से अधिक परियोजनाएं शामिल की गईं। इनमें आठ हजार से अधिक परियोजनाएं वाणिज्यिक संचालन में आ चुकी हैं, जबकि आठ हजार से अधिक परियोजनाएं क्रियान्वयन के अलग-अलग चरणों में हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी केवल निवेश परियोजनाएं शुरू करने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि रोजगार, उत्पादन और आर्थिक गतिविधियों को गति देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।उन्होंने निवेशकों को मिलने वाली वित्तीय प्रोत्साहन राशि की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र निवेशकों को स्वीकृत राशि के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध रखी जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रोत्साहन राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। जीबीसी@5.0 में डेटा सेंटर, ऊर्जा, रियल एस्टेट, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, खाद्य प्रसंस्करण, स्टील-सीमेंट, फार्मा, टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल और पर्यटन सहित कई क्षेत्रों की परियोजनाएं शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *