फर्जी उम्मीदवार बनकर परीक्षा देने वाले बड़े नेटवर्क का CBI ने किया पर्दाफाश, CGST इंस्पेक्टर समेत चार गिरफ्तार

मुंबई। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने गुरुवार को सरकारी भर्ती परीक्षाओं में फर्जी उम्मीदवार बनकर शामिल होने और गलत पहचान का इस्तेमाल कर चयन प्रक्रिया में सेंध लगाने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। मामले में एक CGST इंस्पेक्टर समेत चार प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। CBI की मुंबई स्थित स्पेशल टास्क ब्रांच ने इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सिलेक्शन (IBPS) की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज करने के बाद दिल्ली, बिहार, हरियाणा और पश्चिम बंगाल में कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर वास्तविक उम्मीदवारों की जगह परीक्षा में बैठते थे और चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में गलत पहचान का इस्तेमाल करते थे। CBI के अनुसार, यह धोखाधड़ी केवल लिखित परीक्षा तक सीमित नहीं थी, बल्कि इंटरव्यू समेत कई चरणों तक फैली हुई थी। एजेंसी का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर गंभीर असर डालती हैं तथा वास्तविक और मेहनती उम्मीदवारों के अवसरों को नुकसान पहुंचाती हैं। CBI अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, संभावित बिचौलियों और उन उम्मीदवारों की भूमिका की जांच कर रही है, जिन्होंने कथित तौर पर फर्जी उम्मीदवारों की मदद ली। एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह रैकेट कितने समय से सक्रिय था और किन-किन परीक्षाओं में इस तरीके का इस्तेमाल किया गया। मामले की जांच जारी है।
