जनगणना राष्ट्र का सबसे बड़ा प्रशासनिक कार्य, शुद्धता और गोपनीयता का रखें विशेष ध्यान: जिलाधिकारी

झांसी में जनसंख्या गणना के दूसरे चरण की तैयारी तेज, 78 फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू



देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश।
भारत की जनगणना के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना को लेकर झांसी जनपद में तैयारियां तेज हो गई हैं। घर-घर जाकर होने वाली गणना को पूरी सटीकता, पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुसार कराने के लिए फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार से शुरू हुआ। रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय विश्वविद्यालय, झांसी के मशरूम हॉल और हनी बी हॉल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी गौरांग राठी के वर्चुअल संबोधन से हुआ। प्रशिक्षण का पहला स्लॉट 7 से 9 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्र का सबसे बड़ा प्रशासनिक कार्य है और इसमें आंकड़ों की शुद्धता तथा गोपनीयता सर्वोपरि है। उन्होंने फील्ड ट्रेनर्स से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और गणना की प्रत्येक प्रक्रिया को सही ढंग से समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनसंख्या गणना केवल लोगों की संख्या दर्ज करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे देश की सामाजिक, आर्थिक और विकास संबंधी नीतियों के लिए महत्वपूर्ण आधारभूत आंकड़े तैयार होते हैं। इसलिए घर-घर जाकर प्रत्येक व्यक्ति की जानकारी सही तरीके से दर्ज करना आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, प्रपत्रों के उपयोग, निर्धारित कार्यप्रणाली, फील्ड में आने वाली संभावित चुनौतियों और आंकड़ों को सही तरीके से दर्ज करने की जानकारी दी जा रही है। जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा ने बताया कि जनपद के 78 फील्ड ट्रेनर्स को दो बैच में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त फील्ड ट्रेनर्स आगे 22 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच नियुक्त प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स सौरभ श्रीवास्तव, ऋषि मुनि प्रताप सिंह, अंकुर त्रिपाठी तथा जनगणना निदेशालय की सुरम्या द्वारा दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान जिला जनगणना अधिकारी पल्लवी मिश्रा ने जनगणना संबंधी सामग्री का भी वितरण किया। प्रशिक्षण स्थल पर प्रतिभागियों के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के साथ भोजन और रहने की भी व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *