नाना पाटेकर के निधन से भारतीय कला जगत को अपूरणीय क्षति: मेघना साकोरे-बोर्डीकर

मुंबई। वरिष्ठ अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर राज्यमंत्री मेघना साकोरे-बोर्डीकर ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रंगमंच से अभिनय यात्रा शुरू कर मराठी और हिंदी सिनेमा पर अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले नाना पाटेकर का जाना भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कि ‘क्रांतिवीर’, ‘परिंदा’, ‘अंकुश’ और ‘नटसम्राट’ जैसी फिल्मों में नाना पाटेकर ने अपने दमदार अभिनय, प्रभावशाली संवाद अदायगी और किरदारों को जीवंत कर देने की क्षमता से अलग पहचान बनाई। उनका मराठी स्वाभिमान, बेबाक स्वभाव और संवेदनशील व्यक्तित्व हमेशा याद किया जाएगा। राज्यमंत्री ने कहा कि नाना पाटेकर ने अभिनय के साथ-साथ ‘नाम फाउंडेशन’ के माध्यम से किसानों और जरूरतमंदों के लिए महत्वपूर्ण सामाजिक कार्य भी किए। कला और समाजसेवा, दोनों क्षेत्रों में उनका योगदान प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर के निधन से मराठी और भारतीय सिनेमा का एक बुलंद सितारा अस्त हो गया है। उनकी भूमिकाएं और अभिनय की समृद्ध विरासत हमेशा दर्शकों की स्मृतियों में जीवित रहेगी। उन्होंने पाटेकर परिवार, उनके परिजनों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *