वसई-विरार में पुलिस का बड़ा प्रहार: ₹90.32 लाख का प्रतिबंधित गुटखा जब्त, 5 आरोपी गिरफ्तार
दो अलग-अलग कार्रवाइयों में पांच वाहन भी जब्त; आशानगर के बाद नालासोपारा पूर्व में पकड़ी गई गुटखे की बड़ी खेप

इंद्र यादव/पालघर। वसई-विरार में प्रतिबंधित गुटखे की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खंडणी विरोधी पथक और अपराध शाखा की टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल ₹90 लाख 32 हजार 264 मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा और पांच वाहन जब्त किए हैं। पहली कार्रवाई में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। पहली कार्रवाई 3 सितंबर को आशानगर, कोल्ही-चिंचोटी इलाके में की गई। पुलिस टीम ने अचानक छापेमारी कर यहां से करीब ₹44.67 लाख मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा और तीन वाहन जब्त किए। इस मामले में नायगांव पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद 2 अक्टूबर को पुलिस ने पेल्हार, नालासोपारा पूर्व स्थित एप्पल इंडस्ट्रियल हब रोड पर एक और बड़ी कार्रवाई की। यहां से करीब ₹45.65 लाख मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा और दो वाहन जब्त किए गए। इस मामले में आगे की जांच जारी है। दोनों कार्रवाइयां पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त संजय शिंत्रे, पुलिस उपायुक्त (अपराध) संदीप डोईफोडे और सहायक पुलिस आयुक्त गोंडुराम बांगर के मार्गदर्शन में की गईं। कार्रवाई करने वाली टीम में पीआई राहुल राख, एपीआई ज्ञानेश फडतरे, विलास कुटे, विजयेंद्र आंबवडे, पीएसआई शिवाजी खाडे, ओंकार कोवे और एएसआई शकील पठाण सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।पुलिस के मुताबिक, प्रतिबंधित गुटखे की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। दोनों मामलों की आगे की जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
