एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित होंगे भारतीय वायु सेना के नए प्रमुख, 31 अक्टूबर को संभालेंगे कमान

नई दिल्ली। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायु सेना (IAF) का नया चीफ ऑफ द एयर स्टाफ नियुक्त किया गया है। वह देश के 29वें वायु सेना प्रमुख होंगे और 31 अक्टूबर 2026 की दोपहर से पदभार संभालेंगे। वह मौजूदा वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह की जगह लेंगे, जो इसी दिन सेवानिवृत्त हो रहे हैं। एयर मार्शल दीक्षित वर्तमान में वाइस चीफ ऑफ द एयर स्टाफ के पद पर कार्यरत हैं। करीब चार दशक के अपने सैन्य करियर में उन्होंने लड़ाकू और परिवहन सहित कई प्रकार के विमानों को उड़ाया है। इनमें मिराज-2000, MiG के विभिन्न वेरिएंट, HPT-32, An-32, एवरो, किरण, जगुआर, IL-78, हॉक और तेजस शामिल हैं। उनके पास 3,500 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव है।
ऑपरेशन सफेद सागर से ऑपरेशन सिंदूर तक रहे सक्रिय
आशुतोष दीक्षित एक एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर हैं। अपने सेवाकाल के दौरान वह ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक, कोप-इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर सहित कई महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों और अभ्यासों में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं। वायु सेना में स्वदेशी LCA तेजस और अन्य स्वदेशी विमान परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में वायु सेना प्रमुख के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान रक्षा क्षेत्र में स्वदेशीकरण और आत्मनिर्भरता को और गति मिलने की उम्मीद है।
1986 में फाइटर स्ट्रीम में हुए थे कमीशन
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। वह नेशनल डिफेंस एकेडमी, डिफेंस स्टाफ सर्विस कॉलेज (बांग्लादेश) और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं। अपने लंबे करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण फील्ड और स्टाफ पदों पर जिम्मेदारी संभाली है। उन्होंने पश्चिमी सेक्टर में एक फ्रंटलाइन फाइटर एयर बेस और दक्षिणी सेक्टर में एक प्रमुख फाइटर ट्रेनिंग बेस की कमान भी संभाली। उत्कृष्ट और विशिष्ट सेवा के लिए उन्हें 2006 में वायु सेना मेडल, 2011 में विशिष्ट सेवा मेडल, 2023 में अति विशिष्ट सेवा मेडल और 2026 में परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है। 31 अक्टूबर को पदभार ग्रहण करने के साथ ही एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित भारतीय वायु सेना की कमान संभालने वाले 29वें वायु सेना प्रमुख बन जाएंगे।
