
मुंबई। ‘वर्ल्ड स्किल्स’ प्रतियोगिता की तैयारी मानी जाने वाली इंडिया स्किल्स 2025-26 में महाराष्ट्र के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 17 पदक अपने नाम किए हैं। इनमें 4 स्वर्ण, 8 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं। यह प्रतियोगिता ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित की गई थी। इस उपलब्धि पर राज्य के कौशल, रोजगार, उद्योजकता व नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने पूरी टीम और विजेताओं को बधाई दी है। मंत्री लोढ़ा ने कहा कि केंद्रीय कौशल विकास मंत्री जयंत चौधरी की उपस्थिति में विजेताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के युवाओं में अपार प्रतिभा है, जो इस परिणाम से एक बार फिर साबित हुई है। इस प्रतियोगिता के लिए करीब 15,275 पंजीकृत उम्मीदवारों में से जिला, विभागीय और राज्य स्तरीय चयन प्रक्रिया के बाद 54 सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर के लिए चुना गया था। प्रतियोगिता से पहले इन प्रतिभागियों को विशेषज्ञों द्वारा विशेष ‘बूटकैंप’ प्रशिक्षण और मानसिक तैयारी के लिए काउंसलिंग भी दी गई थी। कौशल विकास विभाग, महाराष्ट्र राज्य कौशल विकास संस्था, राष्ट्रीय कौशल विकास निगम, व्यवसाय शिक्षा व प्रशिक्षण संचालनालय और उद्योग साझेदारों के संयुक्त प्रयासों से यह सफलता हासिल हुई है। इस सफलता के साथ महाराष्ट्र के विजेता अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। सितंबर 2026 में शंघाई में आयोजित होने वाली ‘वर्ल्ड स्किल्स’ प्रतियोगिता के लिए इन विजेताओं का उन्नत प्रशिक्षण जल्द ही शुरू किया जाएगा। साथ ही, वर्ष 2027-28 की ‘इंडिया स्किल्स’ प्रतियोगिता मुंबई में आयोजित करने की सिफारिश भी की गई है। इसके अलावा, राज्य सरकार 2027 में महिला कौशल चैंपियंस प्रतियोगिता शुरू करने की योजना बना रही है।




