HomeMaharashtraमुंबई-गोवा हाईवे पर भीषण हादसा: सुकेली घाट में बस पलटी, 2 की...

मुंबई-गोवा हाईवे पर भीषण हादसा: सुकेली घाट में बस पलटी, 2 की मौत, 38 घायल

रायगढ़ (इंद्र यादव)। मुंबई-गोवा हाईवे पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब रायगढ़ जिले के नागोठणे इलाके में स्थित सुकेली घाट पर एक तेज रफ्तार प्राइवेट ट्रेवल बस पलट गई। इस हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 38 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस मुंबई से गोवा की ओर जा रही थी। तड़के का समय होने के कारण अधिकांश यात्री नींद में थे। जैसे ही बस सुकेली घाट के खतरनाक मोड़ों पर पहुंची, ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और बस पलटकर सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। हादसे में बचे यात्रियों ने ड्राइवर पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ड्राइवर शुरुआत से ही तेज रफ्तार में बस चला रहा था। कई यात्रियों ने उसे रफ्तार कम करने की चेतावनी भी दी, लेकिन उसने अनसुनी कर दी। घाट जैसे संवेदनशील इलाके में भी गति कम न करना इस हादसे का प्रमुख कारण बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही रायगढ़ पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर किए जाने की संभावना है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय ड्राइवर नशे में था या बस में कोई तकनीकी खराबी थी। हालांकि, शुरुआती जांच में ओवरस्पीडिंग को ही दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि सुकेली घाट जैसे खतरनाक घाट क्षेत्रों में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और गति नियंत्रित रखें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments