
मुंबई। पुणे शहर में ब्लिंकइट ऑनलाइन खाद्य वितरण सेवा के माध्यम से एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की आपूर्ति किए जाने की शिकायत के बाद कंपनी पर कार्रवाई की गई है। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह जानकारी अन्न एवं औषध प्रशासन मंत्री नरहरी झिरवाळ ने दी। यह मामला उस समय सामने आया जब विधायक भिमराव तापकीर ने विधानसभा में इस संबंध में प्रश्न उठाया। गुरुवार को मंत्री नरहरी झिरवाळ ने उत्तर देते हुए बताया कि शिकायत मिलने के बाद विभाग ने प्रारंभिक जांच की, जिसमें तत्काल कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला। हालांकि, बाद में लेखापरीक्षण रिपोर्ट और संबंधित दस्तावेजों के विस्तृत अध्ययन के बाद यह स्पष्ट हुआ कि कुछ दिनों पूर्व ब्लिंकइट के माध्यम से एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों का वितरण हुआ था। मंत्री ने बताया कि कंपनी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है और दो लाख रुपये का दंड भी लगाया गया है। उन्होंने आगे कहा कि अन्न एवं औषध प्रशासन विभाग में 191 अधिकारियों की नई नियुक्ति की गई है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को सख्त निर्देश जारी किए जाएंगे। इस विषय पर हुई चर्चा में विधायक अमित देशमुख, अजय चौधरी और सिद्धार्थ शिरोळे ने भी भाग लिया।




