MSP पर खरीदे धान और मोटे अनाज का किसानों को तुरंत हो भुगतान: मंत्री छगन भुजबल
लंबित राशि किसानों के बैंक खातों में शीघ्र जमा करने के निर्देश; बोले— भुगतान में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं

मुंबई। न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) योजना के तहत महाराष्ट्र में खरीदे गए धान और मोटे अनाज की राशि किसानों को समय पर मिले, इसके लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री छगन भुजबल ने बुधवार को संबंधित एजेंसियों को लंबित भुगतान तत्काल करने के निर्देश दिए हैं। विपणन सत्र 2025-26 में राज्य में MSP के तहत धान के साथ ज्वार, मक्का, बाजरा और रागी की खरीद की गई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 1,03,80,196.70 क्विंटल धान, 55,183.70 क्विंटल ज्वार, 10,05,111 क्विंटल मक्का, 510.50 क्विंटल बाजरा और 4,624 क्विंटल रागी की खरीद हुई है। इसके अलावा रबी विपणन सत्र में धान, ज्वार और मक्का की खरीद की गई है। उपलब्ध रिकॉर्ड के मुताबिक कुल 1,08,21,404.60 क्विंटल खरीद दर्ज की गई है। किसानों को अब तक किए गए भुगतान और अभी लंबित राशि की विभागवार जानकारी भी संकलित की गई है। मंत्री भुजबल ने निर्देश दिए कि किसानों को उनकी उपज की समर्थन मूल्य राशि मिलने में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। लंबित भुगतान की प्रक्रिया तत्काल पूरी कर पात्र किसानों के बैंक खातों में राशि जमा की जाए। उन्होंने MSP खरीद प्रक्रिया में शामिल सभी संबंधित एजेंसियों से उपलब्ध निधि, लंबित भुगतान और आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया की तत्काल समीक्षा करने तथा किसानों की बकाया राशि का भुगतान प्राथमिकता से करने को कहा है।
छगन भुजबल ने स्पष्ट किया कि किसानों को उनकी उपज की समर्थन मूल्य राशि समय पर मिलना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। लंबित भुगतान के मामले में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
