Thursday, February 5, 2026
Google search engine
HomeReviewsउपद्रव से उत्सव की ओर उत्तर प्रदेश: सीएम योगी का प्रदेशवासियों को...

उपद्रव से उत्सव की ओर उत्तर प्रदेश: सीएम योगी का प्रदेशवासियों को संदेश, विकास यात्रा और भविष्य के संकल्प को किया साझा

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रदेश की जनता के नाम एक पत्र लिखकर राज्य में आए व्यापक बदलावों, विकास की उपलब्धियों और भविष्य के संकल्पों को साझा किया। ‘योगी की पाती’ शीर्षक से लिखे गए इस पत्र में मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकालकर देश के विकास का ग्रोथ इंजन बनाने की यात्रा का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि असीम संभावनाओं वाला उत्तर प्रदेश अब संघर्ष और नीतिगत उदासीनता की बेड़ियों को तोड़ते हुए भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका है। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प के साथ कानून एवं सुशासन का राज स्थापित किया गया है और सत्ता के संरक्षण में पनप रहे माफिया के भय के साम्राज्य का अंत कर विकास को नई गति दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि जो निवेशक कभी लचर कानून व्यवस्था के कारण प्रदेश से दूर रहते थे, आज वही निवेश के लिए आगे आ रहे हैं। कृषि क्षेत्र पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की खाद्य सुरक्षा की रीढ़ बनकर उभरा है। ‘बीज से बाजार तक’ की व्यवस्था और रिकॉर्ड डीबीटी भुगतान से किसानों की आय में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि उद्योगों का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है और पलायन व बेरोजगारी की समस्या अब समाप्ति की ओर है। लेबर रिफॉर्म, डी-रेगुलेशन, एमएसएमई, कौशल विकास, स्टार्टअप और ओडीओपी जैसी पहलों ने प्रदेश को लोकल से ग्लोबल की दिशा में अग्रसर करते हुए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित किए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं की श्रमबल भागीदारी में हुई ऐतिहासिक वृद्धि का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों के जन्म से लेकर विवाह तक आर्थिक सहायता सुनिश्चित कर रही है। निराश्रित महिलाओं, वृद्धों और दिव्यांगजनों के लिए पेंशन की व्यवस्था की गई है। मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार और हेल्थ-टेक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ हुई हैं। जल, थल और नभ की बेहतर कनेक्टिविटी ने व्यापार, पर्यटन और निवेश को नई गति दी है। उन्होंने अयोध्या, काशी, मथुरा से लेकर संभल तक सांस्कृतिक पुनर्जागरण की चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश में सांस्कृतिक चेतना की स्वर्णिम गाथा लिखी जा रही है और त्योहारों में स्वदेशी की झलक स्पष्ट दिखाई दे रही है। पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि जीरो पॉवर्टी लक्ष्य के तहत 6 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश ‘बॉटलनेक से ब्रेकथ्रू’, ‘रेवेन्यू डेफिसिट से रेवेन्यू सरप्लस’ और ‘उपद्रव से उत्सव’ की दिशा में आगे बढ़ा है। पत्र के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस मनाया जाएगा और यह विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को दोहराने का अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के संयुक्त प्रयासों से संकल्प से सिद्धि की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहेगी और प्रदेशवासियों को उत्तर प्रदेश दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments