नागपुर में अत्याधुनिक दंत चिकित्सा एवं अनुसंधान केंद्र तीन महीने में होगा शुरू

नागपुर। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में रविवार को लंबित परियोजनाओं की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अतिविशेष दंत चिकित्सा एवं अनुसंधान केंद्र का शेष कार्य तत्काल पूरा कर अगले तीन महीने में लोकार्पण करने के निर्देश दिए हैं। अत्याधुनिक तकनीक और विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी दंत चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित इस केंद्र से विदर्भ सहित मध्य भारत के मरीजों को आधुनिक उपचार उपलब्ध होने के साथ दंत शिक्षा और अनुसंधान को भी बढ़ावा मिलेगा।शासकीय दंत महाविद्यालय एवं अस्पताल, नागपुर में प्रतिदिन करीब 500 मरीज उपचार के लिए आते हैं। 4,770.12 वर्ग मीटर निर्माण क्षेत्र वाले इस केंद्र का लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और शेष कार्य प्रगति पर है। केंद्र के संचालन के लिए स्वीकृत 91 पदों में से 60 पद भरे जा चुके हैं, जबकि आवश्यक मशीनरी और उपकरणों की खरीद प्रक्रिया भी जारी है।इस केंद्र में डिजिटल डेंटिस्ट्री, कॉस्मेटिक डेंटिस्ट्री, ओरल इम्प्लांटोलॉजी, स्पोर्ट्स डेंटिस्ट्री, क्रैनियोफेशियल सर्जरी और फॉरेंसिक ओडोंटोलॉजी के छह नए अतिविशेष दंत चिकित्सा विभाग शुरू किए जाएंगे। इससे जटिल दंत रोगों के अत्याधुनिक उपचार के साथ विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण और अनुसंधान के अवसर भी मिलेंगे।मरीजों की सेवा, दंत शिक्षा और अनुसंधान को एक साथ बढ़ावा देने वाला यह केंद्र विदर्भ सहित मध्य भारत के लिए महत्वपूर्ण साबित होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शेष कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समय में केंद्र को शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
