बिजली मीटर बदलने के नाम पर ₹15 हजार की रिश्वत मांगने वाला महावितरण का इंजीनियर गिरफ्तार

जालना। महाराष्ट्र भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने महावितरण के एक इंजीनियर को बिजली मीटर बदलने और विद्युत आपूर्ति दोबारा शुरू कराने के लिए ₹15 हजार की रिश्वत मांगने तथा समझौते के बाद ₹13 हजार स्वीकार करने के आरोप में रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।एसीबी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आरोपी अरुण सुरेश गिते (39) महावितरण कंपनी में वरिष्ठ तकनीशियन/अतिरिक्त कार्यकारी अभियंता के पद पर कार्यरत है। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसके बिजली मीटर में खराबी आने के बाद नया मीटर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए आरोपी ने ₹15 हजार की मांग की थी।शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने 27 सितंबर को शिकायत का सत्यापन किया। सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा ₹15 हजार की रिश्वत मांगने और बातचीत के बाद ₹13 हजार में मामला तय करने की पुष्टि होने का दावा एसीबी ने किया।इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाया। प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक रविवार को करीब दोपहर 1:30 बजे, शिकायतकर्ता से ₹13 हजार लेते समय आरोपी अरुण गिते को एसीबी की टीम ने मौके पर पकड़ लिया। उसके खिलाफ पुलिस थाना परळी शहर, जिला बीड में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।कार्रवाई पुलिस उप अधीक्षक बी. एस. जाधवर की निगरानी में की गई। मामले में आगे की जांच जारी है। #ACB #Jalna #MSEDCL #Mahavitaran #BriberyCase #AntiCorruptionBureau #Corruption #MaharashtraNews #JalnaNews #ACBTrap #रिश्वतखोरी #भ्रष्टाचार #महावितरण #जालना #महाराष्ट्र
