सपा की पीडीए रथ यात्रा पर अजय राय बोले—चुनाव प्रचार के लिए कोई भी कहीं भी जा सकता है


लखनऊ, उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी की (PDA – पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) रथ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि चुनाव प्रचार के लिए कोई भी कहीं भी जा सकता है। कांग्रेस भी लगातार अपना काम कर रही है और जनता के सुख-दुख में मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। अजय राय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि आज पूरा देश उनकी ओर देख रहा है और वह देश से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश की लड़ाई लड़ रहे हैं, जबकि कांग्रेस जनता के बीच रहकर अपना संगठनात्मक काम आगे बढ़ा रही है। वहीं, समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत पीडीए रथ यात्रा शुरू कर दी है। गुरुवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रथ यात्रा के साथ रायबरेली पहुंचे। रायबरेली राहुल गांधी का संसदीय क्षेत्र है। अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि जब वोट पड़ेगा तो चाहे कितनी भी ताकत लगा ली जाए, पीडीए के लोग मिलकर विरोधियों को हराने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पीडीए के लोग निर्बल और कमजोर वर्गों के साथ खड़े होने के साथ संविधान, आरक्षण और लोकतंत्र को बचाने के लिए भी खड़े हैं। उन्होंने भाजपा पर संविधान और कानून को लेकर भी आरोप लगाए। रायबरेली से पीडीए रथ यात्रा शुरू होने के बीच सपा और कांग्रेस नेताओं के बयानों ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों की चुनावी रणनीति और गठबंधन को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *