खनन अधिकारी के सरकारी आवास से मिला नोटों का खजाना, ₹63 लाख नकद बरामद

शामली, उत्तर प्रदेश। जिला खनन अधिकारी के सरकारी आवास पर विजिलेंस की कार्रवाई में नकदी का ऐसा खजाना सामने आया, जिसे देखकर जांच टीम के सदस्य भी हैरान रह गए। सरकारी आवास की तलाशी के दौरान दो अलमारियों से लाखों रुपये बरामद हुए। एक अलमारी में कपड़ों के साथ रुपयों से भरा बैग रखा था, जबकि दूसरी छोटी अलमारी में कपड़ों की तरह नोटों की गड्डियां सजा कर रखी गई थीं। दोनों अलमारियों में गुप्त लॉक के साथ बाहर से भी ताला लगा हुआ था। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे विजिलेंस की दो टीमें जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह को लेकर उनके सरकारी आवास पहुंचीं और तलाशी शुरू की। अलमारी के अलग-अलग खानों में 200 और 500 रुपये के नोटों की गड्डियां रखी मिलीं। पास रखी दूसरी अलमारी खोली गई तो उसमें दो बड़े बैग मिले, जिनमें 500-500 रुपये के नोटों के बंडल भरे हुए थे। विजिलेंस टीम बरामद नकदी को लेकर थाने पहुंची। बड़ी मात्रा में नकदी होने के कारण नोटों की गिनती के लिए एलडीएम से मशीन मंगाई गई, जिसके बाद मशीनों से रकम की गिनती की गई। इस दौरान हिरासत में लिए गए जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह अधिकारियों के बीच बैठकर चाय पीते नजर आए। इससे पहले उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) मेरठ सेक्टर की ट्रैप टीम ने गुरुवार को जिला खनन अधिकारी कार्यालय में कार्रवाई करते हुए जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह और संविदा कर्मी सहायक लिपिक सद्दाम को ₹85 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्यालय की तलाशी के दौरान खनन अधिकारी की दराज से ₹8 लाख नकद बरामद किए गए, जबकि उनके सरकारी आवास से ₹63 लाख मिले। इस तरह कार्यालय और आवास से कुल ₹71 लाख नकद बरामद किए गए। विजिलेंस टीम दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची, जहां उनसे पूछताछ की गई।
