यूपी में 16 नवंबर से स्वगणना: मुख्य सचिव एस.पी.गोयल ने श्रमिक स्वास्थ्य शिविर और विकास योजनाओं की समीक्षा की

देवेश प्रताप सिंह राठौर
लखनऊ, उत्तर प्रदेश।
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी.गोयल ने जनगणना-2027 के लिए सभी जिलों को समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुई साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उन्होंने बताया कि जनसंख्या गणना के तहत 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना कराई जाएगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक गणनाकर्मी घर-घर जाएंगे। पांच से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण का कार्य होगा। मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों से कहा कि मास्टर ट्रेनर, फील्ड ट्रेनर, सुपरवाइजर और गणनाकर्मियों का प्रशिक्षण तय समय पर पूरा कराया जाए। उन्होंने लोगों को स्वगणना के लिए जागरूक करने के निर्देश भी दिए, ताकि घर-घर गणना का काम सुचारु रूप से हो सके।
बैठक में प्रदेश के सभी 75 जिलों के औद्योगिक क्षेत्रों, निर्माण स्थलों और औद्योगिक क्लस्टरों में एक से तीन दिन के ‘श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर’ आयोजित करने का निर्देश दिया गया। शिविरों में श्रमिकों को सामान्य स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ परामर्श और जरूरत पड़ने पर आगे इलाज के लिए रेफरल की सुविधा मिलेगी। महिला श्रमिकों की स्वास्थ्य जरूरतों पर विशेष ध्यान देने तथा पात्र श्रमिकों को ईएसआईसी और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने को कहा गया। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार योजनाओं के पंजीकरण, नवीनीकरण और हितलाभ के लिए भी विशेष कैंप लगाए जाएंगे। जिलाधिकारियों को अपनी अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति गठित कर शिविरों के स्थान और तारीख तय करने के निर्देश दिए गए हैं। समिति बिजली, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सकों, जांच सुविधाओं और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करेगी। गंभीर मामलों में रेफरल और बाद की निगरानी की व्यवस्था करने को भी कहा गया है। डॉ. आंबेडकर मूर्ति स्थल विकास योजना की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने इसके सभी कार्य 31 दिसंबर 2026 तक पूरे कराने के निर्देश दिए। जिन जिलों से मूर्ति स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव नहीं मिले हैं, वहां जनप्रतिनिधियों से समन्वय कर प्रस्ताव प्राप्त करने को कहा गया। मुख्य सचिव के अनुसार, इस कार्य के लिए धनराशि जिलाधिकारियों को आवंटित की जा चुकी है। पीएम सूर्यघर योजना पर उन्होंने कहा कि रूफटॉप सोलर लगाने के मामले में उत्तर प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है। धीमी प्रगति वाले जिलों को वेंडरों के साथ बैठक करने और बैंकों से समन्वय कर लंबित ऋण आवेदनों का निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। सरकारी भवनों पर सोलर संयंत्र और ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने के काम में भी तेजी लाने को कहा गया। मुख्य सचिव ने बाबूजी कल्याण सिंह ग्राम उन्नयन योजना और दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के प्रस्ताव शीघ्र भेजने तथा सभी योजनाओं की नियमित निगरानी कर लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *