उन्नाव में रेलवे ट्रैक पर मजदूर का शव मिला

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। अजगैन थाना क्षेत्र के गौरा कटरा गांव के पास बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला। पुलिस ने उसकी पहचान गांव निवासी पिंटू (35) पुत्र मुन्नेलाल के रूप में कराई है। प्रथमदृष्टया ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार, पिंटू मंगलवार रात गांव में स्थित अल्ट्राटेक की सीमेंट साइट पर बोरियां उतारने गया था, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की। सुबह रेलवे ट्रैक के पास शव मिलने की खबर पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान की। ग्रामीण बजरंग सिंह ने बताया कि पिंटू रेलवे ट्रैक के पास शौच के लिए जा रहा था, तभी संभवतः ट्रेन की चपेट में आ गया। हालांकि, हादसा कैसे हुआ, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पिंटू मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटी बेटियां हैं। मौत से परिवार में शोक है। ग्रामीणों ने प्रशासन से परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
