ठाणे पुलिस का डबल एक्शन: ₹5.66 करोड़ की MD जब्त, 22 चेन स्नैचिंग मामलों का भी खुलासा
ड्रग्स के खिलाफ दो छापों में चार आरोपी गिरफ्तार, 2.823 किलो मेफेड्रोन बरामद, ईरानी आरोपी से ₹32.30 लाख के सोने-चांदी के जेवर जब्त

इंद्र यादव/ठाणे। ठाणे शहर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ दो मोर्चों पर बड़ी कार्रवाई की है। अपराध शाखा की एंटी नारकोटिक्स टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए कुल 2 किलो 823 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) जब्त करने का दावा किया है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹5.66 करोड़ से अधिक बताई गई है। वहीं मालमत्ता गुन्हे कक्ष ने एक कथित ईरानी आरोपी को गिरफ्तार कर चेन स्नैचिंग और पुलिसकर्मी बनकर ठगी के कुल 22 मामलों का खुलासा करने का दावा किया है। आरोपी के पास से ₹32.30 लाख के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। ठाणे पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध शाखा की विभिन्न टीमें नशीले पदार्थों और संपत्ति संबंधी अपराधों में सक्रिय आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। पुलिस के मुताबिक, गोपनीय सूचनाओं और तकनीकी जांच के आधार पर ये कार्रवाइयां की गईं।
घोडबंदर रोड पर ₹3.34 करोड़ की MD जब्त
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को तड़के करीब 1:50 बजे घोडबंदर रोड स्थित गायभुज बस स्टॉप के पास एंटी नारकोटिक्स टीम ने मोजेमि अब्दुल्ला शेख (41) और तबरेज अब्दुल्ला शेख (51) को पकड़ा। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से कुल 1 किलो 671 ग्राम एमडी बरामद करने का दावा किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पास से क्रमशः 567 ग्राम और 56 ग्राम एमडी मिली, जबकि उनके एक्सेस स्कूटर क्रमांक MH-04-LG-5906 के बॉक्स से 1 किलो 48 ग्राम एमडी बरामद की गई। जब्त नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब ₹3.34 करोड़ बताई गई है। इस संबंध में कासारवडवली पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
कोपरी में ₹2.30 करोड़ की MD के साथ आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई कोपरी में बीएसएनएल कार्यालय के पास की गई। पुलिस के मुताबिक, अब्दुल रेहमान मोईद्दीन कादर शेख (33), निवासी गोवंडी, मुंबई के कब्जे से 1 किलो 152 ग्राम एमडी जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब ₹2.30 करोड़ बताई गई है।
जांच के दौरान पुलिस को कथित तौर पर जानकारी मिली कि यह नशीला पदार्थ उसे आफीबी मोहम्मद वली शेख (27), निवासी नवी मुंबई से मिला था। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। कोपरी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर पुलिस ड्रग्स के स्रोत, आपूर्ति नेटवर्क और संभावित खरीदारों के संबंध में आगे की जांच कर रही है।
चेन स्नैचिंग के 22 मामलों का खुलासा
इसी दौरान ठाणे अपराध शाखा के मालमत्ता गुन्हे कक्ष ने चेन स्नैचिंग और पुलिसकर्मी बनकर लोगों को ठगने के मामलों में बड़ी कार्रवाई की। वागळे पुलिस स्टेशन में दर्ज चेन स्नैचिंग के एक मामले की जांच के दौरान तकनीकी जानकारी और गोपनीय सूचना के आधार पर मोहम्मद झाकीर सैय्यद उर्फ मोहम्मद सांगा उर्फ मम्मू इराणी, निवासी रशिद कंपाउंड, कौसा, मुंब्रा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी अपने साथियों के साथ ठाणे, डोंबिवली, कल्याण, बदलापुर और भिवंडी सहित विभिन्न इलाकों में चेन स्नैचिंग और पुलिसकर्मी बनकर ठगी की वारदातों में शामिल रहा है। आरोपी के कब्जे से 227.5 ग्राम सोने और 5 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत करीब ₹32.30 लाख बताई गई है। पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस ने कुल 22 मामलों का खुलासा करने का दावा किया है। इनमें विष्णुनगर, श्रीनगर, वागळे, बदलापुर, चितळसर, ठाणेनगर, राबोडी, कोळसेवाडी, शिळडाघर, डोंबिवली और भिवंडी शहर पुलिस थानों में दर्ज मामले शामिल बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ ठाणे, कल्याण, नवी मुंबई, आदिलाबाद और गुजरात के विभिन्न पुलिस थानों में पहले से 20 से अधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। वागळे और कापुरबावडी पुलिस थानों के तीन मामलों में भी उसकी तलाश की जा रही थी। दोनों कार्रवाइयां सह पुलिस आयुक्त (अपराध) डॉ. पंजाबराव उगले, पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमरसिंह जाधव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक्स टीम और मालमत्ता गुन्हे कक्ष की टीमों द्वारा की गईं। ठाणे पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों की बिक्री, भंडारण या तस्करी से संबंधित कोई जानकारी मिलने पर अपराध शाखा को सूचित करें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
