यूपी में 818 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, सीएम योगी ने सौंपे नियुक्ति पत्र

UPPSC-UPSSSC से चयनित युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य, आयुष, कौशल विकास और उद्योग विभाग में मिली जिम्मेदारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित 818 अभ्यर्थियों के लिए शनिवार का दिन खास रहा। लोकभवन सभागार में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। कुल 818 चयनित अभ्यर्थियों में से 21 को मुख्यमंत्री ने स्वयं नियुक्ति पत्र सौंपे, जबकि शेष अभ्यर्थियों को संबंधित विभागों के माध्यम से पत्र प्रदान किए गए। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के माध्यम से विभिन्न पदों पर चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बताते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। किसी ने किसान परिवार से निकलकर प्रोफेसर बनने तक का अपना सफर साझा किया तो किसी ने रोजगार मिलने की खुशी जाहिर की। हाथरस की डॉ. रेखा पलावत का लोक सेवा आयोग के माध्यम से प्रोफेसर शल्य तंत्र के पद पर चयन हुआ है। मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि उनके पिता किसान हैं और वह एक मध्यमवर्गीय परिवार से आती हैं। माता-पिता के कठिन परिश्रम और सहयोग से वह इस मुकाम तक पहुंची हैं। उन्होंने आवेदन से लेकर चयन और नियुक्ति तक की प्रक्रिया कम समय में पूरी होने पर मुख्यमंत्री और आयुष मंत्री का आभार जताया। डॉ. रेखा ने कहा कि योग्यता के आधार पर परिणाम आने से अभ्यर्थियों में नई ऊर्जा और उत्साह बढ़ा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगी। लखनऊ की अंशु गुप्ता का चयन होम्योपैथिक फार्मासिस्ट के पद पर हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने नियुक्ति मिलने की खुशी साझा की। अंशु ने कहा कि 2022 से 2026 के बीच 800 से अधिक होम्योपैथिक फार्मासिस्टों का चयन हुआ है। उन्होंने भी अपने दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का भरोसा दिलाया। एक्स-रे टेक्नीशियन के पद पर चयनित सरिता सोनी ने नियुक्ति मिलने पर मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बेटियों को सुरक्षा और सम्मान के साथ आगे बढ़ने तथा रोजगार हासिल करने के अवसर मिल रहे हैं। लखनऊ के अनुराग गौतम का भी एक्स-रे टेक्नीशियन के पद पर चयन हुआ है। उन्होंने अपनी नई जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने की बात कही। भदोही के सचिन कुमार सिंह का UPSSSC के माध्यम से वायरमैन अनुदेशक के पद पर चयन हुआ है और उन्हें आलापुर, अंबेडकरनगर में तैनाती मिली है। प्रयागराज के महेश कुमार यादव को प्लंबर अनुदेशक के पद पर चयन के बाद गोंडा में तैनाती मिली है। दोनों अभ्यर्थियों ने नियुक्ति मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाने की बात कही। उद्योग विभाग में सहायक सांख्यिकी अधिकारी के पद पर चयनित दिलीप कुमार पांडे ने अपनी सफलता का श्रेय मेहनत के साथ माता-पिता, शिक्षकों और चयन प्रक्रिया को दिया। उन्होंने नियुक्ति मिलने के दिन को अपने जीवन का ऐतिहासिक अवसर बताया। इसी पद पर चयनित यशवंत सिंह ने भी नियुक्ति मिलने पर आभार व्यक्त किया। आयुष विभाग में डॉ. सुधीर चौहान को प्रोफेसर होम्योपैथ, आराधना चौधरी, रोशनी, प्रिंसी गुप्ता, साक्षी सिंह, पल्लवी देवी और आकाश शुक्ला को होम्योपैथिक फार्मासिस्ट, डॉ. हिमानी और डॉ. रोमा आनंद को रीडर आयुर्वेद तथा डॉ. सफिया बानो और डॉ. मोहम्मद कासिफ को प्रवक्ता यूनानी के पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में प्रिंस सिंह, पंकज कुमार वर्मा, शिवानंद शुक्ल, मोहम्मद अफरोज, ट्विंकल पटेल, सरिता सोनी, सविता देवी और अनुराग गौतम को एक्स-रे टेक्नीशियन के पद पर नियुक्ति पत्र मिले। वहीं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग में तृप्ति श्रीवास्तव और ललित कुमार वर्मा को सहायक सांख्यिकी अधिकारी के पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। उपलब्ध जानकारी के अनुसार 818 नियुक्तियों में 357 एक्स-रे टेक्नीशियन, आयुष विभाग के 404 पद और 48 व्यावसायिक अनुदेशक सहित अन्य पद शामिल थे। कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों ने अपनी नई जिम्मेदारियों को ईमानदारी और निष्ठा से निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *