
मुंबई। महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने छत्रपति संभाजी महाराज पर ‘गलत’ जानकारी को विकिपीडिया से नहीं हटाने के आरोप में चार से पांच संपादकों के खिलाफ आईटी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को इस कार्रवाई की जानकारी दी।
विकिमीडिया फाउंडेशन को भेजा गया नोटिस
महाराष्ट्र की नोडल साइबर एजेंसी ने कैलिफोर्निया स्थित विकिमीडिया फाउंडेशन को नोटिस भेजकर विकिपीडिया पर प्रकाशित आपत्तिजनक सामग्री को हटाने का अनुरोध किया था। विकिमीडिया फाउंडेशन, जो विकिपीडिया का संचालन करता है, को यह बताया गया था कि इस गलत जानकारी से राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है क्योंकि संभाजी महाराज भारत में पूजनीय हैं।
ईमेल के बावजूद नहीं मिला जवाब
सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र साइबर सेल ने विकिपीडिया को 15 ईमेल भेजे, लेकिन तीन दिनों तक कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद अब उन संपादकों (एडिटर्स) के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है, जिन्होंने संभाजी महाराज के बारे में गलत जानकारी एडिट की थी।
फिल्म ‘छावा’ के मद्देनजर बढ़ी आपत्तियाँ
यह विवाद हाल ही में रिलीज़ हुई संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित हिंदी फिल्म ‘छावा’ के चलते और बढ़ गया। बताया जा रहा है कि फिल्म की लोकप्रियता के कारण इस मुद्दे पर जनता और विभिन्न संगठनों की नजर गई, जिससे विवाद और तूल पकड़ने लगा।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने दिए जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पहले ही इस मुद्दे पर जांच के आदेश दे दिए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विकिपीडिया पर जानबूझकर गलत जानकारी एडिट की गई थी या यह किसी चूक का परिणाम था। महाराष्ट्र साइबर पुलिस उन एडिटर्स की पहचान करने में लगी है, जिन्होंने इस विवादित सामग्री को जोड़ा था। इसके अलावा, विकिमीडिया फाउंडेशन से औपचारिक जवाब मांगा जा रहा है ताकि इस मुद्दे पर स्पष्टता लाई जा सके।