भिवंडी में 13 वर्षीय छात्रा से सालभर यौन शोषण का आरोप, रिश्तेदार MR गिरफ्तार
मामला दबाने के लिए परिवार को धमकाने और ₹6 लाख देने की पेशकश का आरोप; सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. बिनू वर्गीस के हस्तक्षेप के बाद नारपोली पुलिस ने दर्ज किया केस

इंद्र यादवठाणे। भिवंडी के नारपोली थाना क्षेत्र में आठवीं कक्षा की 13 वर्षीय छात्रा के कथित यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि रिश्ते में परिचित एक 26 वर्षीय मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR) ने बच्ची को डराकर करीब एक साल तक उसका यौन शोषण किया। मामला सामने आने के बाद परिवार को धमकाने और शिकायत नहीं करने के बदले ₹6 लाख देने की पेशकश करने का भी आरोप है। नारपोली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान अमित प्रजापति (26), निवासी कशेली, भिवंडी के रूप में हुई है। वह पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव बताया गया है। पीड़िता ठाणे पश्चिम के मानपाड़ा इलाके के एक स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ती है। आरोप है कि परिचित होने का फायदा उठाकर आरोपी ने बच्ची को डराया-धमकाया और करीब एक वर्ष तक उसका यौन शोषण करता रहा।
मामला दबाने के लिए ₹6 लाख की पेशकश का आरोप
परिवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद आरोपी पर उन्हें धमकाने का भी आरोप है। शिकायत के अनुसार, पुलिस तक मामला नहीं पहुंचने देने के लिए परिवार पर दबाव बनाया गया और कथित तौर पर ₹6 लाख देकर समझौता करने की पेशकश की गई। परिवार ने इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. बिनू वर्गीस से मदद मांगी। डॉ. वर्गीस ने पीड़ित परिवार के साथ पुलिस से संपर्क किया और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
POCSO के तहत मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए नारपोली पुलिस ने आरोपी अमित प्रजापति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित अपराध या उसे दबाने की कोशिश में किसी अन्य व्यक्ति की कोई भूमिका थी या नहीं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। नाबालिग पीड़िता की पहचान और उससे जुड़ी ऐसी कोई जानकारी प्रकाशित नहीं की जा रही है, जिससे उसकी पहचान उजागर हो सके।
