नागपुर के 145 साल पुराने मारबत महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब

सीएम फडणवीस के साथ जैकी श्रॉफ, सुभाष घई, अंकुश चौधरी और क्रिकेटर उमेश यादव हुए शामिल, विदेशी मेहमानों ने भी जानी ऐतिहासिक परंपरा

नागपुर। नागपुर की 145 साल पुरानी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान मारबत महोत्सव इस वर्ष और भव्य स्वरूप में नजर आया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ अभिनेता जैकी श्रॉफ, वरिष्ठ फिल्म निर्देशक सुभाष घई, अभिनेता अंकुश चौधरी और क्रिकेटर उमेश यादव सहित कई प्रमुख हस्तियां महोत्सव में शामिल हुईं। फ्रांस, नॉर्वे और फिनलैंड के वाणिज्य दूतों ने भी इस अनूठी परंपरा को करीब से देखा और इसके इतिहास की जानकारी ली। नागपुर की प्रसिद्ध मारबत-बडग्या शोभायात्रा की परंपरा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से नागपुर महानगरपालिका ने इस वर्ष पहली बार ‘मारबत महोत्सव’ का आयोजन किया। शोभायात्रा और विभिन्न विषयों पर बनाए गए बडग्या को देखने के लिए सेंट्रल एवेन्यू स्थित गांधी पुतला चौक पर भव्य मंच तैयार किया गया था। मुख्यमंत्री फडणवीस और अन्य अतिथियों ने मंच से मारबत-बडग्या शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा की। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। विदेशी मेहमानों ने भी मारबत परंपरा की पृष्ठभूमि, उसके इतिहास और नागपुर की संस्कृति में उसके महत्व को जाना। कार्यक्रम में नागपुर के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, वित्त एवं नियोजन राज्य मंत्री एड. आशीष जायसवाल, विधायक कृष्णा खोपडे, मोहन मते, प्रवीण दटके और डॉ. राजीव पोतदार, महापौर नीता ठाकरे तथा उपमहापौर लीला हाथीबेड मौजूद रहे। फ्रांस के वाणिज्य दूत पैट्रिक लेवेरीनो, नॉर्वे की वाणिज्य दूत मोनिका निगलगार्ड और फिनलैंड की वाणिज्य दूत पेट्रा थीमन ने भी महोत्सव में शिरकत की। इसके अलावा स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी-वखरे, सत्ता पक्ष नेता नरेंद्र बोरकर, महानगरपालिका आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर, पूर्व महापौर दयाशंकर तिवारी व अर्चना डेहनकर, साम टीवी के संपादक नीलेश खरे, एबीपी माझा की संपादक सरिता कौशिक, प्रसिद्ध शेफ विष्णु मनोहर और ग्राफिक डिजाइनर विवेक रानडे सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर की इस ऐतिहासिक परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने के महानगरपालिका के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि “नागपुर की परंपरा को वैश्विक स्वरूप देने का यह प्रयास निश्चित रूप से प्रशंसनीय है।” मुख्यमंत्री ने सफल आयोजन के लिए महानगरपालिका के पदाधिकारियों को बधाई दी। फडणवीस ने इस अवसर पर कामना की कि मारबत के साथ महाराष्ट्र के सामान्य नागरिकों के जीवन की सभी समस्याएं और परेशानियां भी दूर हों।