कटे होंठ और तालू वाले बच्चों का मुफ्त इलाज, महाराष्ट्र के 15 अस्पतालों में मिलेगी सुविधा

सर्जरी से लेकर दवा, पोषण, स्पीच थेरेपी और जरूरत पड़ने पर यात्रा तक का खर्च होगा वहन, NHM महाराष्ट्र, बजाज फाइनेंस और ‘स्माइल ट्रेन इंडिया’ के बीच तीन साल का करार

मुंबई। महाराष्ट्र में कटे होंठ और तालू (क्लेफ्ट लिप एंड पैलेट) जैसी जन्मजात समस्या से पीड़ित बच्चों को अब मुफ्त और व्यापक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। शुक्रवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पहल पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान (NHM) महाराष्ट्र, बजाज फाइनेंस और ‘स्माइल ट्रेन इंडिया’ के बीच तीन वर्ष के लिए समझौता किया गया है। इस पहल के तहत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) की जांच में कटे होंठ या तालू की समस्या से पीड़ित पाए जाने वाले बच्चों को जिला नोडल अधिकारी के औपचारिक रेफरल के जरिए ‘स्माइल ट्रेन इंडिया’ के मान्यता प्राप्त अस्पतालों में उपचार के लिए भेजा जाएगा। बच्चों को सर्जरी, अस्पताल में भर्ती, दवाइयां, पोषण संबंधी सेवाएं, दंत उपचार और स्पीच थेरेपी सहित जरूरत के अनुसार यात्रा की सुविधा भी मुफ्त दी जाएगी। मरीज के भोजन, आवास और यात्रा का खर्च ‘स्माइल ट्रेन इंडिया’ वहन करेगा। सर्जरी से पहले की जांच तथा उपचार से जुड़ी सर्जरी के बाद उत्पन्न होने वाली जटिलताओं का खर्च भी संस्था उठाएगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस बीमारी के इलाज की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 18001038301 पर संपर्क किया जा सकता है। ऐसे बच्चों की पहचान और उपचार की आवश्यकता निर्धारित करने के लिए स्माइल ट्रेन के भागीदार अस्पतालों, RBSK टीमों और जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्रों (DEIC) के समन्वय से जांच शिविर लगाए जाएंगे। सरकारी स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी कटे होंठ और तालू वाले बच्चों की पहचान के लिए प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा।उपचार के लिए मरीजों को भेजने, उनका रिकॉर्ड रखने और जिला नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय की जिम्मेदारी प्रत्येक मान्यता प्राप्त अस्पताल के परियोजना निदेशक को दी जाएगी। संबंधित जिले के सिविल सर्जन सर्जरी से पहले अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर की सुविधाओं और एनेस्थेटिस्ट की उपलब्धता की पुष्टि करेंगे।
इन 15 अस्पतालों में मिलेगा मुफ्त उपचार

  1. आचार्य विनोबा भावे ग्रामीण अस्पताल, वर्धा
  2. आनंदऋषीजी हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर, अहिल्यानगर
  3. आस्था प्लास्टिक सर्जरी हॉस्पिटल, जलगांव
  4. बेंबडे हॉस्पिटल, छत्रपति संभाजीनगर
  5. एलिट कॉस्मो क्लिनिक एंड प्लास्टिक सर्जरी हॉस्पिटल, सोलापुर
  6. लहाने हॉस्पिटल, लातूर
  7. मीरा एनएक्स हॉस्पिटल, मुंबई
  8. एमआरआर चिल्ड्रन्स हॉस्पिटल, ठाणे
  9. पूना हॉस्पिटल, पुणे
  10. सहयोग हॉस्पिटल, गोंदिया
  11. श्रीराम हॉस्पिटल, अकोला
  12. शुश्रूषा सिटिजन्स को-ऑपरेटिव हॉस्पिटल, मुंबई
  13. स्वामी विवेकानंद मेडिकल मिशन हॉस्पिटल, नागपुर
  14. वेदांत हॉस्पिटल प्रा. लि., नाशिक
  15. वेस्टर्न इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोसाइंसेस (WINS), कोल्हापुर। कार्यक्रम की प्रगति की नियमित समीक्षा के लिए संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों की संयुक्त समिति बनाई जाएगी। स्वास्थ्य सेवा आयुक्त एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के निदेशक के माध्यम से परियोजना का नियमित स्वतंत्र मूल्यांकन भी कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *