
मुंबई। ‘हिंद-दी-चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी समागम का आयोजन 28 फरवरी और 1 मार्च को नवी मुंबई में किया जाएगा। कोकण विभागीय आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी ने जानकारी दी कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। मुंबई मराठी पत्रकार संघ में आयोजित पत्रकार परिषद में कार्यक्रम की जानकारी दी गई। डॉ. सूर्यवंशी ने बताया कि इस दो दिवसीय कार्यक्रम में 18 से 20 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। मुख्य पंडाल में एक समय में 80 हजार से 1 लाख श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। 150 से अधिक विशेष एनएमएमटी की बस सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। 38 पार्किंग स्थल, 3 हेलिपैड, 25 हजार श्रद्धालुओं के लिए आवास, 1,000 से अधिक अस्थायी शौचालय, 500 से अधिक स्वच्छता कर्मचारी तैनात रहेंगे। स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत 300 से अधिक डॉक्टर और पैरामेडिकल कर्मचारी, 15 से अधिक अस्थायी चिकित्सा केंद्र, एक अस्थायी आईसीयू केंद्र, 350 आरक्षित बेड तथा 75 आईसीयू बेड की व्यवस्था की गई है। 10 हजार से अधिक स्वयंसेवक कार्यक्रम में भाग लेंगे।
राष्ट्रीय एकता का होगा प्रदर्शन – राज्य समन्वय समिति के समन्वयक रामेश्वर नाईक
राज्य समन्वयक रामेश्वर नाईक ने बताया कि देशभर में 350वें शहीदी वर्ष के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य गुरु तेग बहादूर के शौर्य, धर्म स्वतंत्रता, मानवता और न्याय के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुँचाना है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूरदृश्य प्रणाली के माध्यम से उपस्थित जनों को संबोधित करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, जम्मू-काश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, गुजरात मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिग सैनी, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, तामीळनाडू के अण्णामलाई, योग गुरु बाबा रामदेव, बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, दीदी मा साध्वो ऋतंभरा भी उपस्थित रहेंगे।



