
मुंबई। दिवंगत सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने मंगलवार को मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) को एक लिखित शिकायत सौंपकर शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। सतीश सालियान, अपने वकील नीलेश ओझा के साथ, दक्षिण मुंबई स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचे और जांच को नए सिरे से शुरू करने की अपील की। इससे कुछ दिन पहले, उन्होंने बंबई उच्च न्यायालय में एक याचिका भी दायर की थी, जिसमें दिशा और अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की जून 2020 में हुई मौत की परिस्थितियों की फिर से जांच की मांग की गई थी। याचिका में गंभीर आरोप लगाए गए हैं कि दिशा सालियान के साथ बलात्कार हुआ और उसकी हत्या की गई। इसमें यह भी दावा किया गया है कि कुछ प्रभावशाली लोगों को बचाने के लिए राजनीतिक साजिश रची गई थी। याचिकाकर्ता ने आदित्य ठाकरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपने की मांग की है। सतीश सालियान ने मीडिया से कहा, मुझे अपनी बेटी के लिए न्याय की उम्मीद है। फिलहाल मैं ज्यादा कुछ नहीं कह सकता, मुझे चक्कर आ रहा है।” उनके वकील नीलेश ओझा ने पुष्टि की कि आदित्य ठाकरे और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग करते हुए पुलिस को आधिकारिक शिकायत दी गई है। गौरतलब है कि दिशा सालियान की मौत 8 जून 2020 को उपनगरीय मलाड में एक आवासीय इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने के कारण हुई थी, और महज छह दिन बाद, 14 जून 2020 को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। इस मामले में आदित्य ठाकरे ने पहले कहा था कि वह आरोपों का जवाब अदालत में देंगे। हाईकोर्ट में दाखिल याचिका पर संभवतः अप्रैल के पहले सप्ताह में सुनवाई होगी।




