
मुंबई। मुंबई पुलिस के जोन 10 ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए शातिर बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। डीसीपी दत्ता नलावडे के मार्गदर्शन और साकीनाका पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुनील यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी की 11 कीमती स्पोर्ट्स एवं हाई-एंड मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत 23,89,000 रुपये आंकी गई है। मामले की शुरुआत 22 नवंबर 2025 को हुई थी, जब साकीनाका इलाके से रॉयल एनफील्ड इंटरसेप्टर 650 चोरी हो गई थी। तकनीकी जांच और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और सबसे पहले आरोपी मिराज उर्फ बयाल मोहम्मद रईस खान (26) को ठाणे के दहिसर मोरी इलाके से हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी उमेर आमीन शेख (20) को राजस्थान के अजमेर से गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मिराज मूल रूप से संतकबीर नगर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और दोनों आरोपी मुंबई व उपनगरों से महंगी मोटरसाइकिलें चुराकर उन्हें बेचने का धंधा करते थे। इनके पकड़े जाने से साकीनाका, डी.बी. मार्ग, कुर्ला, सायन और धारावी पुलिस थानों में दर्ज 15 मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के पास से रॉयल एनफील्ड हंटर 350 की 4, रॉयल एनफील्ड बुलेट 350 की 2, यामाहा एमटी-15 की 3 और यामाहा आर15 की 1 मोटरसाइकिल सहित कुल 11 वाहन जब्त किए हैं। इस सफल कार्रवाई में साकीनाका पुलिस के अधिकारी नितिन पाटिल, प्रवीण शिरसाट, राजेंद्र नांगरे और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।




