
रितु तावड़े महापौर और संजय घाड़ी को उपमहापौर की जिम्मेदारी
सीएम फडणवीस-डीसीएम शिंदे ने किया स्वागत
वी बी माणिक
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका के महापौर पद पर भारतीय जनता पार्टी की नगरसेविका रितु तावड़े और उपमहापौर पद पर शिवसेना के संजय घाड़ी का चयन किया गया। बुधवार को इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दोनों को पुष्पगुच्छ देकर शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि महापौर, उपमहापौर और सभी पदाधिकारी मिलकर महानगरपालिका को सही दिशा देंगे और आम मुंबईकरों के सपनों को साकार करने का कार्य करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उन्हें पूर्ण सहयोग देगी और उनके माध्यम से “नई मुंबई” के निर्माण को गति दी जाएगी। महानगरपालिका सभागृह में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रितु तावड़े को एक अनुभवी और सशक्त मराठी नेतृत्व के रूप में देखा जाता है। उन्होंने पहले भी मुंबईकरों के मुद्दों पर आक्रामक भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में महायुति सरकार द्वारा शुरू किए गए मुंबई विकास कार्यक्रमों को महानगरपालिका के माध्यम से प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। उपमहापौर संजय घाड़ी के अनुभव का भी निगम को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद प्रशासक व्यवस्था समाप्त होकर लोकप्रतिनिधियों की लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल होना खुशी की बात है, क्योंकि जनता अपने चुने हुए प्रतिनिधियों से अधिक जुड़ाव महसूस करती है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई को सक्षम और कार्यक्षम नेतृत्व मिला है। पिछले साढ़े तीन वर्षों में मुंबई के विकास को गति मिली है और इसका समर्थन मुंबईकरों ने दिया है। सरकार का लक्ष्य मुंबई को विश्वस्तरीय शहर बनाना है। उन्होंने बताया कि बाळासाहेब ठाकरे की जन्मशताब्दी के अवसर पर उनके सपनों को साकार करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है, जिसमें झोपड़पट्टी मुक्त मुंबई, गड्ढेमुक्त सड़कें, प्रदूषणमुक्त शहर और मुंबई को फिनटेक कैपिटल बनाने की दिशा में कार्य शामिल है। इस अवसर पर मुंबई शहर के सह-पालक मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, पूर्व सांसद राहुल शेवाळे, विधायक अमित साटम, प्रविण दरेकर, चित्रा वाघ सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।




