
मुंबई। राज्य के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अजितदादा पवार के दुखद निधन से महाराष्ट्र ने एक स्पष्टवक्ता, मजबूत निर्णय क्षमता वाले और राजनीति से परे मित्रता निभाने वाले प्रभावशाली नेता को खो दिया है। उनके विमान हादसे में निधन की खबर अत्यंत स्तब्ध करने वाली है। यह शोकभावना राज्य के पर्यटन मंत्री शंभूराज देसाई ने व्यक्त की। पर्यटन मंत्री देसाई ने कहा कि राजनीति और समाजसेवा—दोनों ही स्तरों पर अजितदादा पवार ने हमेशा बेबाक और सशक्त भूमिका निभाई। वित्त विभाग का नेतृत्व करते हुए उन्होंने राज्य के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण और दूरदर्शी निर्णय लिए। उन्होंने बताया कि जब वे वित्त राज्यमंत्री थे, तब उन्हें तीन बार अजित पवार के साथ राज्य का बजट पेश करने का अनुभव मिला। विधान परिषद में बजट तैयारी को लेकर होने वाली नियमित बैठकों के दौरान अजितदादा की कार्यशैली, गहन अध्ययन और प्रशासन पर मजबूत पकड़ प्रत्यक्ष रूप से देखने को मिली। देसाई ने आगे कहा कि राज्य उत्पादन शुल्क मंत्री के रूप में कार्य करते समय और इससे पहले विधायक रहते हुए भी उनके और अजितदादा के बीच राजनीति से परे सौहार्दपूर्ण संबंध रहे। वैचारिक मतभेदों के बावजूद, व्यक्तिगत रिश्तों को निभाने वाले नेता और प्रशासन में ‘दादा’ के रूप में उनकी पहचान थी। उनके जाने से मंत्रिमंडल ने एक अनुभवी और सहयोगी नेतृत्व खो दिया है, जिसका गहरा दुख है। पर्यटन मंत्री शंभूराज देसाई ने पवार परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े हैं। साथ ही, 261 पाटण विधानसभा क्षेत्र, तथा सातारा जिले के पालक मंत्री के रूप में पूरे सातारा जिले की ओर से अजितदादा पवार को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।




