
मुंबई। महाराष्ट्र को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में प्रयासों को और गति देने के उद्देश्य से रविवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (डब्ल्यूईएफ) 2026 में भाग लेने के लिए स्विट्ज़रलैंड के दावोस रवाना हुए हैं। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में मुख्यमंत्री के साथ उद्योग मंत्री डॉ. उदय सामंत और राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। वैश्विक मंच पर भारत के विकास इंजन के रूप में ‘मैग्नेटिक महाराष्ट्र’ की छवि को और मजबूत करने का संकल्प दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डब्ल्यूईएफ 2026 महाराष्ट्र को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से ले जाने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष महाराष्ट्र ने 16 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते किए थे और इस वर्ष सरकार का लक्ष्य इससे भी अधिक निवेश आकर्षित करना है। दावोस में आयोजित इस सम्मेलन के दौरान वैश्विक उद्योग समूहों, निवेशकों और नीति-निर्माताओं के साथ गहन चर्चा के माध्यम से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश, नई औद्योगिक परियोजनाओं, रोजगार सृजन और समग्र आर्थिक विकास को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा।




