
भोपाल। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के उमरिया गांव स्थित औबेदुल्लागंज के दशहरा मैदान में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रेल कोच इकाई का भूमिपूजन किया। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बिना नाम लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमला बोला। राजनाथ सिंह ने कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं जो भारत के विकास की रफ्तार से खुश नहीं हैं। उन्हें यह अच्छा नहीं लग रहा।’सबके बॉस तो हम हैं’। भारत इतनी तेजी से कैसे आगे बढ़ रहा है? कई लोग कोशिश कर रहे हैं कि भारत में, भारतीयों के हाथों से बनी चीजें उन देशों में बनी चीजों से ज्यादा महंगी हो जाएं, ताकि जब ये चीजें महंगी हो जाएं तो दुनिया इन्हें न खरीदे। लेकिन, भारत इतनी तेजी से आगे बढ़ रहा है कि अब दुनिया की कोई ताकत भारत को विश्व की एक बड़ी ताकत बनने से नहीं रोक सकती। रक्षा क्षेत्र को लेकर राजनाथ सिंह ने कहा कि आपको यह जानकर खुशी होगी कि अब हम 24 हजार करोड़ रुपये से अधिक के रक्षा सामान का निर्यात कर रहे हैं। यही भारत की ताकत है, यही नए भारत का नया रक्षा क्षेत्र है, और हमारा निर्यात लगातार बढ़ रहा है। आतंकवाद पर टिप्पणी करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा, “आतंकवादी आए और लोगों को उनका धर्म पूछकर मार डाला। हमने भी तय किया कि हम किसी को धर्म पूछकर नहीं मारेंगे, बल्कि उनके कर्म देखकर मारेंगे।” उन्होंने रामायण का उदाहरण देते हुए कहा कि जब रावण ने सीता जी का अपहरण किया और हनुमान जी लंका पहुंचे, तो उन्होंने लंका में हाहाकार मचा दिया। जब सीता जी ने पूछा कि इतना हंगामा क्यों मचाया, तो हनुमान जी ने कहा -“जिन मोहि मारा, तिन मैं मारे”। मध्य प्रदेश की तारीफ करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रदेश के विकास को देखकर मुझे विश्वास है कि आने वाले वर्षों में इसे ‘मॉडर्न प्रदेश’ के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि आज जिस रेल कोच फैक्ट्री का शिलान्यास किया गया है, उसका नाम ‘ब्रह्मा’ रखा गया है, जो सृष्टिकर्ता के नाम पर आधारित है और यह अपने नाम की तरह ही ऊंचाइयों को छुएगी।