
मुंबई। मुंबई के वडाला वेस्ट निवासी 23 वर्षीय युवक एक संगठित ऑनलाइन कॉल गर्ल सर्विस स्कैम का शिकार हो गया। अंधेरी की एक निजी कंपनी में रिसर्च इंटर्न के तौर पर कार्यरत युवक ने एक वेबसाइट पर दिखाए गए व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से संपर्क कर सेवा प्राप्त करने की कोशिश की, लेकिन इसके बदले उसने 6.10 लाख रुपये गंवा दिए। पीड़ित, जिसकी पहचान ए. कृष्णा के रूप में हुई है, ने माटुंगा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 12 मई को अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार, घटना की शुरुआत 4 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे हुई, जब कृष्णा ने गूगल पर “कॉल गर्ल सर्विस” सर्च किया। एक वेबसाइट पर दिए गए नंबर से संपर्क करने पर उसे बताया गया कि सेवा की कीमत 3,000 रूपए है और पहले 500 रूपए अग्रिम भुगतान करना होगा। कृष्णा ने गूगल पे के माध्यम से यह राशि ट्रांसफर कर दी।
इसके बाद उसे कई महिलाओं की तस्वीरें भेजी गईं और कहा गया कि चयन होने पर एक महिला ड्राइवर के साथ उसके घर पहुंचेगी। फिर उससे ओटीपी शेयर करने और 3,000 रूपए अतिरिक्त भुगतान करने को कहा गया। धीरे-धीरे उसे सुरक्षा जमा, बीमा, जीएसटी, प्रोसेसिंग शुल्क और पुलिस वेरिफिकेशन जैसे बहानों के तहत कई किश्तों में भुगतान करने के लिए कहा गया। 6 अप्रैल से 9 अप्रैल के बीच उसने अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी में कुल 6.10 लाख रूपए ट्रांसफर कर दिए। 11 अप्रैल को जब उसने रिफंड की मांग की तो उसे आश्वासन दिया गया कि 48 घंटे में रकम वापस कर दी जाएगी, लेकिन पैसा नहीं लौटा। इसके विपरीत, उसी दिन एक अज्ञात नंबर से कॉल आकर उससे 95,560 रूपए और मांगे गए। शक होने पर कृष्णा ने बातचीत बंद कर दी और 13 अप्रैल को साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत की। इसके बावजूद 4 मई से 12 मई के बीच फिर उसी नंबर से उसे धमकाया गया और इस बीच 25,000 रूपए और वसूल लिए गए। पीड़ित का दावा है कि जालसाजों ने उसका आधार विवरण और लोकेशन तक हासिल कर ली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीड़ित को आश्वासन दिया गया है कि साइबर अपराध शाखा इस नेटवर्क का पता लगाने के लिए तकनीकी विश्लेषण करेगी। इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन स्कैम के बढ़ते खतरों और इंटरनेट पर सतर्कता की आवश्यकता को उजागर किया है।




