
अंबरनाथ। डेक्कन एथलेटिक्स फाउंडेशन और अंबरनाथ रनर्स फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में इस वर्ष की ‘अंबरनाथ वर्षा मैराथन 2025’ का आयोजन 24 अगस्त को किया जाएगा। यह प्रतियोगिता TDAAA से संबद्ध है और विशेष रूप से स्कूली एवं कॉलेज छात्रों के लिए आयोजित की जा रही है। मैराथन की शुरुआत केबी रोड, अंबरनाथ से होगी और इसका समापन महात्मा गांधी विद्यालय मैदान पर होगा। कार्यक्रम सुबह 6:00 बजे से 8:15 बजे तक चलेगा। प्रतियोगिता को आयु वर्ग के अनुसार विभाजित किया गया है, जिसमें अंडर-8 से लेकर अंडर-18 तक के बालक और बालिकाओं के लिए 1 से 6 किलोमीटर की दौड़ रखी गई है। सभी प्रतिभागियों को 15 मिनट पहले स्थल पर पहुंचना होगा और आयु प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य है। विजेताओं को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र के साथ-साथ विशेष प्रशिक्षण का अवसर भी मिलेगा। इसके अलावा विजेताओं के संस्थानों को ‘बेस्ट स्कूल/कॉलेज’ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। प्रवेश शुल्क स्कूली छात्रों के लिए 20 रुपए और कॉलेज छात्रों के लिए 50 रुपए निर्धारित किया गया है। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 22 अगस्त 2025 शाम 5:00 बजे तक रखी गई है। इच्छुक प्रतिभागी डेक्कन एथलेटिक्स फाउंडेशन (DAF) कार्यालय या न्यू डेक्कन इंग्लिश स्कूल, अंबरनाथ (पश्चिम) में पंजीकरण करा सकते हैं। आयोजकों ने यह भी घोषणा की है कि प्रत्येक वर्ष जुलाई के तीसरे रविवार को ‘वर्षा मैराथन’ और दिसंबर के तीसरे रविवार को ‘डेक्कन ओपन मैराथन’ का आयोजन परंपरागत रूप से किया जाएगा।




