
मुंबई। मुंबई के अंधेरी इलाके में एक होटल में उत्तराखंड की एक तलाकशुदा महिला के साथ कथित बलात्कार का मामला सामने आया है। इस गंभीर मामले में पुलिस ने 36 वर्षीय बंटी वाकुर्डे उर्फ अप्पासाहेब उर्फ तुकाराम वाकोडे को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बताकर महिला से फेसबुक के ज़रिए जून 2025 में संपर्क किया था और कुछ ही समय में उससे निकटता बढ़ाई। पुलिस के मुताबिक, महिला मूल रूप से उत्तराखंड की रहने वाली है और 2016 में शादी के बाद तलाक लेकर अपने दो बच्चों के साथ रहती है। वह एक ब्यूटी पार्लर में काम कर परिवार का भरण-पोषण करती है। सोशल मीडिया पर हुई बातचीत के दौरान आरोपी ने उसे पर्यटन के बहाने लोनावला से मुंबई बुलाया और 17 जुलाई को मुंबई पहुँचने के बाद उसके ठहरने की व्यवस्था एक होटल में की। 18 जुलाई को आरोपी ने उसे अंधेरी के एक होटल में बुलाया, जहां दोनों ने साथ खाना खाया। इसके बाद आरोपी ने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। महिला के विरोध के बावजूद आरोपी ने उसे धमकाया और दो बार बलात्कार किया। घटना के अगले दिन आरोपी ने महिला के लिए वापसी का टिकट बुक कराया और उसे उत्तराखंड लौटने को कहा। मानसिक रूप से आहत और डरी हुई महिला ने एमआईडीसी पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया के ज़रिए पनपते संबंधों की संवेदनशीलता और संभावित खतरे को उजागर करता है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बलात्कार, धमकी और धोखाधड़ी जैसी धाराओं में केस दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।