
ठाणे। जिले के दिवा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, जहां एक ओर स्कूलों द्वारा मनमाने तरीके से फीस बढ़ाने के आरोप लग रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के मामले भी सामने आ रहे हैं। दिवा स्थित ऑक्सफर्ड इंग्लिश स्कूल पर अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि पिछले पांच वर्षों से बिना किसी पारदर्शिता के लगातार फीस में वृद्धि की जा रही है। इस मुद्दे को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के सचिव प्रशांत गावड़े अपने पदाधिकारियों के साथ स्कूल पहुंचे और प्रबंधन से जवाब-तलब किया। उन्होंने स्कूल प्रशासन को चार दिन के भीतर फीस वृद्धि वापस लेने का अल्टीमेटम दिया, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसी बीच, दिवा के हॉल इलाके में स्थित एक ग्लोबल स्कूल में खड़ी वैन में आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि यह घटना शाम के समय हुई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि यह घटना स्कूल समय के दौरान होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। नागरिकों ने आरोप लगाया है कि ठाणे महानगर पालिका के शिक्षण विभाग की लापरवाही के कारण स्कूल संचालक मनमानी कर रहे हैं। न तो फीस नियंत्रण पर प्रभावी निगरानी हो रही है और न ही सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जाए, स्कूलों की फीस संरचना की समीक्षा हो और सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।




