
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार के ग्रामविकास विभाग के अंतर्गत संचालित ‘उमेद’ – महाराष्ट्र राज्य ग्रामीण जीवनोन्नति अभियान द्वारा वाशी स्थित सिडको प्रदर्शनी केंद्र में आयोजित राज्यस्तरीय खरीदार-विक्रेता सम्मेलन अत्यंत सफल रहा। सोमवार को एक दिवसीय इस सम्मेलन में लगभग 5.50 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड कारोबार हुआ, जिससे महिला किसान उत्पादक कंपनियों को सशक्त बाजार मंच प्राप्त हुआ। इस सम्मेलन के माध्यम से महिला किसान उत्पादक कंपनियों के बीच आपसी खरीद-बिक्री को भी प्रोत्साहन मिला है। ‘उमेद’ के इस प्रयास से ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को नई गति मिलने का सकारात्मक संकेत मिला है।
सीधे बाजार से जुड़ाव, अधिक लाभ
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य था कि महिला किसान उत्पादक कंपनियों द्वारा उगाए गए उत्पादों को बिचौलियों के बिना सीधे बाजार उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें उचित मूल्य और अधिक लाभ मिल सके। इस मंच पर पहली बार 70 महिला किसान उत्पादक कंपनियां और प्रतिष्ठित खरीदार आमने-सामने आए।
रिकॉर्ड बिक्री और बड़े खरीदारों की भागीदारी
दिनभर में 267 टन उत्पादों की बिक्री से 2.15 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष कारोबार हुआ। इसके अलावा भविष्य की खरीद के लिए विभिन्न संस्थाओं के साथ 3.35 करोड़ रुपये के आशय पत्र (एलओआई) पर हस्ताक्षर किए गए। सम्मेलन में सलाम किसान, स्टार एग्री, कष्टकरी राजा शेतकरी उत्पादक कंपनी, प्राप्तीकृषि उद्योग तथा Indian Institute of Packaging सहित कृषि उपज मंडी समिति के खरीदार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पहली बार प्रभाग संघ प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी करते हुए किसान कंपनियों से सीधे लेन-देन किया।
राज्यभर से 35 उत्पादों की प्रदर्शनी
प्रदर्शनी में महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों के भौगोलिक संकेत (जीआई) प्राप्त और विशेष पहचान वाले 35 उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध थे। इनमें कोंकण से काजू, कोकम, आम पल्प और रागी; पश्चिम महाराष्ट्र से पुणे का इंद्रायणी चावल, जुन्नर के अंगूर और प्याज, सोलापुर की मालदांडी ज्वार, कोल्हापुर का गुड़ और मिर्च; विदर्भ और मराठवाड़ा से वर्धा की वायगांव हल्दी, नागपुर की भिवापुरी मिर्च, लातूर की सफेद तूर दाल, नांदेड़ की अर्धापुर हल्दी तथा भंडारा-गडचिरोली का चिनूर और कालीमुछ चावल शामिल थे। सम्मेलन का उद्घाटन अभियान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निलेश सागर ने किया। अतिरिक्त संचालक निखिलकुमार ओसवाल ने उपस्थितों का मार्गदर्शन किया, जबकि कार्यक्रम की प्रस्तावना उपसंचालक संदीप जठार ने प्रस्तुत की।




