Sunday, March 22, 2026
Google search engine
HomeCrimeकानपुर–कासगंज में पुलिस की दो बड़ी मुठभेड़ें, लूट–चोरी के दो शातिर बदमाश...

कानपुर–कासगंज में पुलिस की दो बड़ी मुठभेड़ें, लूट–चोरी के दो शातिर बदमाश घायल होकर गिरफ्तार

कानपुर/कासगंज। उत्तर प्रदेश के कानपुर और कासगंज में पुलिस ने अलग-अलग मुठभेड़ों में लूट और चोरी की घटनाओं में शामिल दो शातिर अपराधियों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों ही मामलों में बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की।
कानपुर: ज्वैलर्स चोरी कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र में 14 दिसंबर 2025 को हुई ज्वैलर्स की दुकान में चोरी के मामले में फरार चल रहा मुख्य आरोपी कल्लू उर्फ विशाल आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस वारदात में शामिल चार आरोपियों में से तीन को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि कल्लू उर्फ विशाल लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। 15 जनवरी को उसे पुलिस ने गिरफ्तार किया था, लेकिन यह शातिर अपराधी शौचालय जाने के बहाने ड्यूटी पर तैनात संतरी को धक्का देकर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि अभियुक्त बनपुरवा क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह मौके पर गिर पड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम कल्लू उर्फ विशाल पुत्र रामप्रसाद बताया। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहले से ही लूट और चोरी के पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि अभियुक्त का इलाज और मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे जेल भेजा जाएगा।
दूसरी ओर कासगंज जनपद में भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ढोलना थाना क्षेत्र के गांव नगला मनी में हुई लूट की घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर चार विशेष टीमें गठित की गई थीं। रात्रि के समय भगवंत पुल पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं रुका और कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। जल्दबाजी में उसकी बाइक फिसल गई। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान योगेन्द्र पुत्र अतर सिंह, निवासी ग्राम किनावा, थाना ढोलना, जनपद कासगंज के रूप में हुई। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ नगला मनी गांव में हुई लूट की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और 35 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल कासगंज भेजा गया है। दोनों मुठभेड़ों के बाद पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस पूरी सख्ती से कार्रवाई करेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments