वक्तृत्व, निबंध एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन

मुंबई। संतों की पावन भूमि पर गुरु तेग बहादुर की गौरवशाली शहादत को स्मरण करने के लिए ओवे मैदान, खारघर (नवी मुंबई) में भव्य शहीदी समागम का आयोजन किया गया है। ‘हिंद दी चादर’ गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी समागम के अवसर पर 28 फरवरी और 1 मार्च को मुंबई उपनगर जिले में दो दिवसीय नशामुक्ति अभियान चलाया जाए ऐसे निर्देश जिला कलेक्टर सौरभ कटियार ने दिए है। सोमवार को कार्यक्रम की पूर्व तैयारियों के संदर्भ में मुंबई उपनगर जिला कलेक्टर कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अपर जिला कलेक्टर मनोज गोहाड़, निवासी उपजिला कलेक्टर सतीश बागल, स्वास्थ्य, शिक्षा और पुलिस विभाग के प्रतिनिधि तथा गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित थे। जिला कलेक्टर सौरभ कटियार ने कहा कि संस्कृति की रक्षा और राष्ट्रीय एकता के लिए गुरु तेग बहादुर द्वारा दिए गए बलिदान को इस कार्यक्रम के माध्यम से स्मरण किया जाएगा। उनकी शहादत का इतिहास स्कूलों, महाविद्यालयों, संस्थानों और गुरुद्वारों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न उपक्रम चलाए जा रहे हैं। मुंबई उपनगर जिले के लगभग 3 लाख 20 हजार विद्यार्थियों तक पहुंचने के उद्देश्य से वक्तृत्व, निबंध और स्लोगन प्रतियोगिताएं तथा प्रभात फेरियों के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
थीम सॉन्ग और डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से प्रचार-प्रसार
इसके अलावा वर्चुअल ट्रेनिंग सेंटर के माध्यम से 200 स्कूलों को जोड़ा गया है तथा थीम सॉन्ग और डॉक्यूमेंट्री के जरिए विद्यार्थियों को कार्यक्रम की जानकारी दी जा रही है। चेंबूर, देवनार और मानखुर्द से नवी मुंबई जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इस शहीदी समागम के अवसर पर सिख, सिकलीगर, बंजारा, लबाना, सिंधी, मोहयाल, वाल्मीकि, उदासीन और वारकरी संप्रदाय के प्रतिनिधि लगभग 300 वर्षों के बाद एक साथ एकत्रित होंगे, जिससे राष्ट्रीय एकता का संदेश और सुदृढ़ होगा। कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभागों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
इस अवसर पर पश्चिम उपनगर के उपविभागीय अधिकारी प्रशांत ढगे, बृहन्मुंबई महानगरपालिका के सहायक जनसंपर्क अधिकारी विवेक राठोड़, पूर्व उपनगर की उपविभागीय अधिकारी कल्पना गोडे, तहसीलदार (राजस्व) युवराज बांगर, बोरीवली (मुंबई उपनगर) के तहसीलदार इरेश चप्पलवार, अंधेरी की तहसीलदार स्नेहलता स्वामी, कुर्ला के नायब तहसीलदार सुनील कापडनिस, मनमोहन सिंह (एवर साइन, मालाड), सुखविंदर सिंह (चेंबूर कैंप), गुरपिंदर सिंह तथा गुरु नानक सभा के अधिकारी उपस्थित थे।




