
मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिग्गज अभिनेता और निर्देशक मनोज कुमार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जाने से भारतीय सिनेमा ने एक महान व्यक्तित्व खो दिया है। अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मनोज कुमार ने फिल्मों के माध्यम से देशभक्ति और भारतीय सामाजिक जीवन की भावना लोगों के मन में जगाई, और ‘भारत कुमार’ नाम को सही मायनों में सार्थक किया। उन्होंने ‘शहीद’ में भगत सिंह का किरदार निभाकर देशभर में पहचान बनाई, फिर ‘उपकार’, ‘पूरब और पश्चिम’, ‘रोटी कपड़ा और मकान’, और ‘क्रांति’ जैसी फिल्मों के माध्यम से सामाजिक मुद्दों और राष्ट्रवाद को बड़े पर्दे पर जीवंत किया। उनका गीत “मेरे देश की धरती” आज भी हर स्वतंत्रता दिवस पर गर्व से गूंजता है। निर्देशक, गीतकार, पटकथा लेखक और संपादक के रूप में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। उन्होंने न केवल भारतीय सिनेमा को मजबूत किया, बल्कि कई उभरते कलाकारों को भी मंच प्रदान किया। पद्मश्री और दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित इस महान कलाकार के निधन से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा, “मैं प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले। हम उनके परिजनों और करोड़ों प्रशंसकों के दुःख में सहभागी हैं।