
ठाणे। रफ्तार का जुनून और लापरवाही एक बार फिर एक मासूम परिवार के चिराग को बुझा गई। ठाणे के घोडबंदर रोड स्थित पाटिलपाड़ा फ्लाईओवर पर शनिवार को वह मंजर देखने को मिला, जिसने हर किसी की रूह कांप दी। एक बेकाबू ट्रक ने ऑटो रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर लोहे के मलबे में तब्दील हो गया और चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मानवता को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई। टक्कर मारने के बाद आरोपी ट्रक चालक घायल की मदद करने के बजाय ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान बोरीवली निवासी समीर सलीम सय्यद अंसारी के रूप में हुई है। समीर रोजाना की तरह अपने परिवार का पेट पालने के लिए सड़कों पर ऑटो चला रहा था, लेकिन उसे क्या मालूम था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया। वायरलेस संदेश प्रसारित होते ही पूरे घोडबंदर रोड पर नाकेबंदी कर दी गई। सटीक घेराबंदी और त्वरित कार्रवाई के तहत पुलिस ने फरार ट्रक का पीछा किया और गायमुख क्षेत्र के पास उसे इंटरसेप्ट कर लिया। आरोपी चालक को हिरासत में लेकर ट्रक जब्त कर लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घोडबंदर रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार आम बात हो गई है। हादसे के बाद पाटिलपाड़ा फ्लाईओवर पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन ठोस कदम अब तक नहीं उठाए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के समय चालक नशे की हालत में था या ट्रक में कोई तकनीकी खराबी थी। साथ ही तेज रफ्तार और लापरवाही के पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। समीर की असमय मौत ने उसके परिवार के सामने दुखों का पहाड़ खड़ा कर दिया है। फिलहाल घोडबंदर रोड पर यातायात सामान्य कर दिया गया है, लेकिन क्षेत्र के लोगों और मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है। यह घटना केवल एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि व्यवस्था और जिम्मेदारी पर गंभीर प्रश्नचिह्न है।





