
मुंबई। महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के तलोदा तालुका के चांदशैली घाट में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में सवार सभी लोग अस्तंबा देवी यात्रा से लौट रहे थे। घाट के मोड़ पर ड्राइवर ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे पिकअप गहरी खाई में जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री वाहन से बाहर जा गिरे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को तलोदा उप-जिला अस्पताल से नंदुरबार जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इस दर्दनाक हादसे पर उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों को हर संभव मदद और उपचार प्रदान किया जाए। अजीत पवार ने कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तेजी से बचाव कार्य शुरू किया। राज्य सरकार इस कठिन समय में दुर्घटना पीड़ितों और उनके परिजनों के साथ मजबूती से खड़ी है।