
देवेश प्रताप सिंह राठौर
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उन्नाव के गंगाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डकारी में ग्राम समाज की ज़मीन को लेकर हुए विवाद में हवाई फायरिंग और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। बृज किशोर सिंह निवासी डकारी मजरा कर्मी विजला मऊ ने थाना गंगाघाट में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के कन्हैया सिंह उर्फ दद्दन द्वारा ग्राम समाज की ज़मीन में अवैध खनन किया जा रहा था। उक्त भूमि को बृज किशोर खरीदना चाह रहे थे, जिससे नाराज होकर कन्हैया सिंह ने 5 लाख रुपये की मांग की और विरोध करने पर 14 मई 2025 की शाम लगभग 5 बजे अपने साथियों—आकाश पुत्र नरेन्द्र (निवासी डकारी, वर्तमान में लखनऊ), सोनू पुत्र बहादुर सिंह (डकारी), बाबू निषाद (भिटवा), गोरेलाल पुत्र रामजीवन (त्रिभुवन खेड़ा), और 2-3 अज्ञात लोगों के साथ बृज किशोर के घर के पास रास्ते में आकर गाली-गलौज करते हुए अवैध तमंचों से जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। बृज किशोर ने मौके से भागकर जान बचाई। इस घटना के बाद थाना गंगाघाट में अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 272/2025, धारा 191(2)/191(3)/352/308(5)/109 भारतीय न्याय संहिता 2023 व 7 सीएलए एक्ट के तहत दर्ज किया गया। पुलिस ने 16 मई को तीन अभियुक्तों—आकाश को अवस्थी हॉस्पिटल, कानपुर नगर से, सोनू सिंह को ग्राम डकारी से, और शिवा राठौर पुत्र प्रदीप उर्फ पप्पू राठौर (निवासी त्रिभुवन खेड़ा) को न्यू एवन ढाबा के पास से गिरफ्तार किया। अभियुक्त आकाश के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा बरामद हुआ, जिसके आधार पर मुकदमे में 3/25 आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ी गई है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निगरानी रखी जा रही है।



