Wednesday, February 4, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraरत्नागिरी में ‘वंदे मातरम् कोस्टल साइक्लोथॉन–2026’ का आयोजन, CISF की 57 वर्षों...

रत्नागिरी में ‘वंदे मातरम् कोस्टल साइक्लोथॉन–2026’ का आयोजन, CISF की 57 वर्षों की सेवा का जश्न

तटीय सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ 14 फरवरी को होगा भव्य कार्यक्रम

मुंबई। देश की महत्वपूर्ण बुनियादी संरचनाओं की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) अपनी 57 वर्षों की गौरवशाली सेवा के उपलक्ष्य में 14 फरवरी 2026 को रत्नागिरी के पुलिस मैदान में ‘वंदे मातरम् कोस्टल साइक्लोथॉन–2026’ का आयोजन करेगा। इस भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ महाराष्ट्र के उद्योग एवं मराठी भाषा मंत्री डॉ. उदय सामंत के करकमलों द्वारा किया जाएगा। इस साइक्लोथॉन का उद्देश्य तटीय एवं समुद्री सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, राष्ट्रीय एकात्मता को सुदृढ़ करना, फिटनेस एवं पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करना तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। विशेष बात यह है कि इस अभियान में लगभग 50 प्रतिशत महिला प्रतिभागियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है, जो महिला सहभागिता और सशक्तिकरण का सशक्त संदेश देता है। सीआईएसएफ के अनुसार, इस अभियान के माध्यम से तटीय क्षेत्रों में निवास करने वाले नागरिकों को राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, नागरिकों और सीआईएसएफ के बीच समन्वय को मजबूत करना, युवाओं को नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा बंदरगाह सुरक्षा में सीआईएसएफ के 51 वर्षों के अनुभव की जानकारी जन-जन तक पहुँचाना प्रमुख उद्देश्य हैं। वर्ष 1969 में स्थापित सीआईएसएफ ने पिछले 57 वर्षों में देश की सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण संस्थाओं — जैसे रिफाइनरियां, हवाई अड्डे, बंदरगाह, मेट्रो रेल, परमाणु ऊर्जा संयंत्र, अंतरिक्ष केंद्र सहित अनेक प्रतिष्ठानों — की सुरक्षा की जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभाई है। सुरक्षा दायित्वों के साथ-साथ सीआईएसएफ जन-जागरूकता, सामाजिक सहभाग और सार्वजनिक सुरक्षा अभियानों के माध्यम से राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता लगातार निभा रहा है।देशभक्ति गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कोस्टल साइक्लोथॉन में देश के पूर्वी और पश्चिमी तटों से होकर कुल 6,600 किलोमीटर की यात्रा की जाएगी, जिसका समापन केरल के कोच्चि में होगा। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष आयोजित साइक्लोथॉन–2025 को देशभर में जबरदस्त जनसमर्थन मिला था, जिसमें 30 लाख से अधिक नागरिकों की भागीदारी रही तथा 2.9 करोड़ डिजिटल संवाद दर्ज किए गए थे।
52 तटीय गांव बने ‘तट प्रहरी’
सामाजिक सहभाग के तहत सीआईएसएफ द्वारा 52 तटीय गांवों को ‘तट प्रहरी’ के रूप में दत्तक लिया गया है। इन गांवों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाट्य प्रस्तुतियां, चिकित्सा सेवाएं, खुले व्यायामशाला (ओपन जिम), खेल सुविधाएं तथा तस्करी और अवैध घुसपैठ की रोकथाम से संबंधित जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। रत्नागिरी के पुलिस मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2019 में पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए 40 सीआरपीएफ जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके साथ ही रत्नागिरी जिले के चार शहीद जवानों के परिवारों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला सांस्कृतिक पथक, एनसीसी के विद्यार्थी तथा सीआईएसएफ पथक द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी जाएंगी, जिससे कार्यक्रम को सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रभक्ति के भाव से और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments