
डॉ अंशुमान अग्निहोत्री
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। सफीपुर ब्लाक क्षेत्र स्थित प्राचीन भीमेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में कराए गए इंटरलॉकिंग कार्य का लोकार्पण क्षेत्रीय विधायक बंबालाल दिवाकर ने फीता काटकर किया। लोकार्पण के पश्चात विधायक ने मंदिर में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर विधायक बंबालाल दिवाकर ने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास हमारी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण कार्य है। मंदिर परिसर में इंटरलॉकिंग लगने से श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा होगी और विशेषकर बरसात के मौसम में कीचड़ व जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बताया गया कि भीमेश्वर महादेव मंदिर का विशेष धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है। मान्यताओं के अनुसार इस प्राचीन शिवलिंग की स्थापना भगवान श्रीराम के अनुज भरत द्वारा की गई थी। इसी वजह से यह मंदिर आस्था का बड़ा केंद्र है और यहां दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण, मंदिर समिति के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने इंटरलॉकिंग कार्य के लिए विधायक का आभार जताया और मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण व अन्य विकास कार्य कराए जाने की मांग भी रखी। कार्यक्रम में अभिषेक दीक्षित (गोलू), प्रतीक दीक्षित, लालजी बाजपेई, कुलदीप तिवारी (महाराज), जयदीप धाकड़ सिंह, रामजीवन राठौर, राजबीर सिंह चंदेल, मलखान सिंह, प्रमोद कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




