
प्रार्थना समाज रोड के पॉश इलाके में वारदात, पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ किया मामला दर्ज
मुंबई। मुंबई के विले पार्ले ईस्ट स्थित पॉश इलाके प्रार्थना समाज रोड पर दिनदहाड़े हुई एक साहसिक चोरी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 41 लाख 30 हजार रुपये के सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान चुरा लिया। विले पार्ले पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रवीण पारे (63), जो शेयर बाजार में निवेशक हैं, अपनी पत्नी के साथ पारे बंगले के ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं। 19 जनवरी, 2026 को शाम करीब 6.35 बजे पति-पत्नी चाय पीने के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान पारे की पत्नी दूध खरीदने बाहर गईं और घर से निकलते समय सिक्योरिटी गेट और मुख्य दरवाजे पर ताला लगाकर गई थीं। करीब 7.20 बजे जब वह घर लौटीं, तो उन्होंने देखा कि दोनों दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। अंदर जाने पर पता चला कि एक कमरे में रखी लोहे की अलमारी और लॉकर को भी जबरदस्ती खोला गया था। अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने और चांदी के बर्तन गायब थे। इसकी जानकारी तुरंत पति को दी गई, जिसके बाद चोरी की पूरी घटना सामने आई। चोरी गए सामान में सोने के हार, मंगलसूत्र, बाजूबंद, चूड़ियां, ब्रेसलेट, अंगूठियां, चेन के साथ-साथ बड़ी मात्रा में चांदी के बर्तन शामिल हैं, जिनमें कलश, दीपक, प्लेटें, दीये और पूजा से जुड़ी अन्य वस्तुएं शामिल हैं। चोरी हुई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 41,30,000 रुपये आंकी गई है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर विले पार्ले पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305, 331(3) और 331(4) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने क्राइम सीन का पंचनामा कर लिया है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके के नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।




