
टीवी की पॉपुलर और ग्लैमरस अदाकारा मृणाल देशराज एक बार फिर चर्चा में हैं। ‘इश्कबाज़’, ‘नागिन’ और ‘कहीं तो होगा’ जैसे सुपरहिट सीरियल्स से अपनी खास पहचान बनाने वाली मृणाल को दर्शक ग्रे शेड्स की क्वीन के नाम से जानते हैं। अपने बोल्ड अंदाज़ और दमदार अदाकारी से वह हमेशा फैंस की फेवरेट रही हैं। ग्लोबल एक्सीलेंस अवॉर्ड जीत चुकीं और कई नामी मैगज़ीन कवर पर नजर आ चुकीं मृणाल ने ब्रेक के बाद अब अपनी दूसरी पारी की तैयारी कर ली है। इस बार उनका फोकस है ओटीटी प्लेटफॉर्म्स, जहां वह अपने अभिनय कौशल और खूबसूरती का नया जलवा दिखाने वाली हैं।
थिएटर से टीवी तक का सफर
मृणाल ने करियर की शुरुआत थिएटर से की और परितोष पेंटर के “ये क्या हो रहा है”, ‘अमर, अकबर और टोनी’, विपुल मेहता के ‘हम ले गए तुम रह गए’, रमेश तलवार के ‘डॉ. मुक्ता’ और नादिरा बब्बर के ‘यहूदी लड़की’ जैसे नाटकों से दर्शकों और समीक्षकों का ध्यान खींचा। इसके बाद उन्होंने टीवी पर भी अपनी एक्टिंग का जादू चलाया। ‘कहीं तो होगा’ में शिप्रा, ‘सुजाता’ में पद्मिनी, ‘डोली सजा के…’, ‘छोटी सी ज़िंदगी’, ‘महाराणा प्रताप’ की महारानी उमादेवी जैसे नेगेटिव रोल्स में वह पूरी तरह छा गईं। फिर‘इश्कबाज़’ की जाह्नवी ओबेरॉय और‘नागिन’ की रोहिणी बनकर तो उन्होंने फैंस के दिलों पर राज किया।
फिटनेस और पैशन की मिसाल
एक्ट्रेस मृणाल देशराज सिर्फ कैमरे के सामने ही नहीं, बल्कि फिटनेस और स्पोर्ट्स की दुनिया में भी उतनी ही एक्टिव हैं। योगा, जिम्नास्टिक, स्क्वैश, लॉन टेनिस, किक बॉक्सिंग, स्विमिंग, रनिंग, स्पिनिंग और हैवी वेट लिफ्टिंग—इन सबमें उनकी पकड़ गजब की है। यही वजह है कि उनकी फिट और टोंड बॉडी हमेशा फैंस को इंप्रेस करती रहती है। खुद मृणाल का कहना है- पैशन और डेडिकेशन ही मेरी असली ताकत है। काम के पीछे भागो, पैसों के पीछे नहीं, मंज़िल खुद चलकर आपके पास आएगी।




